हरियाणा पुलिस के कर्मचारी व अधिकारी करेंगे फिंगर प्रिंट विज्ञान की ट्रेनिंग
चंडीगढ़, 24 जून (हि.स.)। हरियाणा पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को
अब फिंगरप्रिंट विज्ञान और आधुनिक अपराध जांच तकनीकों की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।
इसके लिए राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो ओर से तीन महीने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कोर्स में इंस्पेक्टर से लेकर हैड कांस्टेबल स्तर तक के कर्मचारी
आवेदन कर सकेंगे।
पुलिस विभाग का मानना है कि आधुनिक अपराधों की प्रकृति तेजी
से बदल रही है। ऐसे में जांच अधिकारियों को नई तकनीकों से लैस करना जरूरी हो गया
है। यह प्रशिक्षण उन्हें तकनीकी दक्षता प्रदान करेगा, जिससे
वे वैज्ञानिक आधार पर अपराधों की जांच कर सकेंगे और केसों के बेहतर निस्तारण में
मदद मिलेगी। एनसीआरबी की यह पहल पुलिसिंग को तकनीक आधारित बनाने की दिशा में
महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यह कोर्स 6
जुलाई 2026 से शुरू होकर सितंबर 2026 तक चलेगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों की
वैज्ञानिक जांच क्षमता को मजबूत करना और आधुनिक तकनीकों के उपयोग में दक्ष बनाना
है, ताकि अपराधों की
जांच अधिक सटीक और प्रभावी तरीके से की जा सके।
इस कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को फिंगरप्रिंट
विज्ञान,
डिजिटल पहचान तकनीक और अपराध जांच में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक
वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण में विशेष रूप से निम्न विषय शामिल
रहेंगे, नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम,डिजिटल फिंगरप्रिंट विश्लेषण, वैज्ञानिक साक्ष्य
संग्रहण और परीक्षण, आधुनिक अपराध जांच तकनीक, फोरेंसिक सहयोग और डेटा विश्लेषण, अपराधियों की
पहचान से जुड़ी नई तकनीकें, जांच की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर
रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

