home page

हरियाणा में प्लानिंग ऑफिसर्स की होगी भर्ती, 31 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित

 | 

चंडीगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग) में योजना अधिकारी (प्लानिंग ऑफिसर्स) के 31 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्तियां अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) आधार पर की जाएंगी, जिनमें चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह 50 हजार रुपये का निश्चित वेतन दिया जाएगा।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह अस्थायी नियुक्ति होगी और इसे नियमित किए जाने की कोई संभावना नहीं है।

भर्ती प्रक्रिया में चयन का आधार इंजीनियरिंग में स्नातक अभिक्षमता परीक्षण-गेट (वास्तुकला और नियोजन) (ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग) का स्कोर होगा। वर्ष 2024, 2025 या 2026 में गेट पास करने वाले उम्मीदवार इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। मेरिट सूची पूरी तरह गेट स्कोर के आधार पर तैयार की जाएगी।

आवेदन की अंतिम तिथि 6 अप्रैल निर्धारित की गई है। इसके बाद 20 अप्रैल को प्रोविजनल रिजल्ट जारी किया जाएगा, 28 अप्रैल को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा और 1 मई को फाइनल रिजल्ट घोषित किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 8 मई तक ऑफर लेटर जारी करने की योजना है।

चयनित योजना अधिकारी की नियुक्ति चंडीगढ़ या हरियाणा के किसी भी जिला मुख्यालय पर की जा सकती है। यह पद ट्रांसफरेबल होगा, यानी आवश्यकता अनुसार स्थान परिवर्तन किया जा सकेगा।

भर्ती प्रक्रिया में दस्तावेजों को लेकर सख्ती बरती जाएगी। उम्मीदवारों को आवेदन के साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, फोटो, हस्ताक्षर और श्रेणी प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार की त्रुटि, कमी या दस्तावेजों में असंगति पाए जाने पर उम्मीदवार को बिना अतिरिक्त अवसर दिए अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा