नूंह जिले के तीन गांवों में नए उपस्वास्थ्य केंद्र खोलने की मंजूरी
चंडीगढ़, 02 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार राज्य के हर नागरिक तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के पिछड़े एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई कदम उठाये गए हैं।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को बताया कि राज्य सरकार दूरदराज के इलाकों तक बुनियादी चिकित्सा ढांचा मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों और आपातकालीन प्राथमिक इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए प्रदेश सरकार ने नूंह (मेवात) जिले के कोलगांव, जलालपुर फिऱोजपुर तथा खवाजलि कलां गांव में नए उपस्वास्थ्य केंद्र खोलने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नूंह जिले के इन तीन गांवों में उपस्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इन नए केंद्रों के क्रियान्वयन से स्थानीय निवासियों को गांव के स्तर पर ही नियमित स्वास्थ्य जांच, प्राथमिक चिकित्सा, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और बच्चों के टीकाकरण जैसी जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

