home page

हरियाणा सरकार ने पांच आईएएस व तीन एचसीएस बदले

 | 

चंडीगढ़, 22 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए पांच आईएएस और 3 एचसीएस अधिकारियों के ट्रांसफर व पोस्टिंग के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं, वहीं कुछ के विभागों में फेरबदल किया गया है।

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के सचिव और एमएसएमई के महानिदेशक पद पर कार्यरत यश गर्ग को अपने वर्तमान पदों के साथ-साथ हारट्रोन के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे राजनारायण कौशिक को इस पद से भारमुक्त करेंगे।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव और मुख्य बंदोबस्त आयुक्त मनी राम शर्मा को हरियाणा पावर जनरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। आईएएस राजनारायण कौशिक को हारट्रोन के एमडी पद से स्थानांतरित कर अब इन्हें हरियाणा राज्य वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक और हरियाणा सचिवालय स्थापना विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। डॉ. मुनीश नागपाल को सचिवालय स्थापना विभाग के विशेष सचिव पद से ट्रांसफर कर स्वास्थ्य विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात किया गया है। अनिरुद्ध यादव को एचएसआईआईडीसी के अतिरिक्त प्रबंध निदेशक और गुरुग्राम ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट के सीईओ अनिरुद्ध यादव को नए सृजित पद 'अर्बन चैलेंज फंड स्कीम' का मिशन डायरेक्टर बनाया गया है।

एचसीएस अधिकारियों की सूची के अनुसार कंवर सिंह को शहरी स्थानीय निकाय के संयुक्त निदेशक पद से बदलकर अब खाद्य एवं औषधि प्रशासन में संयुक्त निदेशक और आयुष्मान भारत (हरियाणा स्वास्थ्य सुरक्षा प्राधिकरण) के संयुक्त सीईओ की जिम्मेदारी दी गई है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक नसीब कुमार को हरियाणा विमुक्त घुमंतु जाति विकास बोर्ड के सदस्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मयंक वर्मा को खाद्य एवं औषधि प्रशासन के संयुक्त निदेशक पद से स्थानांतरित कर शहरी स्थानीय निकाय, हरियाणा में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा