अनुबंध कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा को समिति का पुनर्गठन
चंडीगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम के दायरे में शामिल की जाने वाली संस्थाओं की पात्रता का निर्धारण करने के लिए पांच सदस्यीय समिति का पुनर्गठन किया है।
इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा बुधवार को आदेश जारी किए गए। यह समिति अधिनियम की धारा 2(एफ) के तहत प्राधिकरण की परिभाषा में विभिन्न संस्थाओं को शामिल करने के लिए विशिष्ट एवं वस्तुनिष्ठ पात्रता मानदंड निर्धारित करेगी।
पुनर्गठित समिति की अध्यक्षता वित्त एवं योजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव करेंगे, जबकि संबंधित संगठन के प्रशासनिक सचिव समिति के सदस्य होंगे। मानव संसाधन विभाग के विशेष सचिव को समिति का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त, महाधिवक्ता, हरियाणा का प्रतिनिधि, जो अतिरिक्त महाधिवक्ता से नीचे के पद का नहीं होगा, समिति में विधिक सदस्य के रूप में शामिल होगा। भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधि पवन कुमार को भी समिति का सदस्य बनाया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

