home page

हरियाणा: छुट्टियाें में विदेश नहीं जा सकेंगे मंत्री व अधिकारी

 | 

-अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव प्रतिनिधिमंडल के विदेश जाने पर संश्य

चंडीगढ़, 21 मई (हि.स.)। खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील को हरियाणा सरकार ने पूरी तरह से लागू कर दिया है। गाडिय़ों के काफिले में कटौती के बाद अब हरियाणा सरकार ने अपने सभी मंत्रियों तथा अधिकारियों के विदेश दौरों को रद्द कर दिया है।मंत्रियों के विदेशी दौरे भी रद्द किए जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का जापान जाना स्थगित हो गया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक विस्तृत गाइडलाइन तैयार हो रही है। जिसके बाद सिर्फ बेहद जरूरी होने या विशेष परिस्थितियों में ही विदेश यात्रा की अनुमति मिलेगी। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के सिलसिले में 19 से 22 जून तक जापान जाना था, लेकिन अब फिलहाल यह टल गया है। इसकी पुष्टि खुद मंत्री विपुल गोयल ने की है। पिछले कुछ सालों में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) का प्रतिनिधि मंडल अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के लिए मॉरिशस, यूके, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया व श्रीलंका जा चुका है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के एक को-ऑर्डिनेटर ने भी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के सिलसिले में जापान दौरे के लिए आवेदन किया था। इसके लिए सीएम से विदेश यात्रा की अनुमति मांगी थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे मंजूरी नहीं दी।

श्रम एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज के विभाग में कुछ कर्मचारियों ने अपने निजी खर्च पर विदेश जाने की अनुमति मांगी थी। जून माह में गर्मी की छुट्टियों के दौरान अक्सर अधिकारी विदेश दौरे पर जाते हैं लेकिन इस बार सीएमओ की तरफ से इन फाइलों को स्वीकृति नहीं दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा