जीजेयूएसटी में बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा, 1534 उम्मीदवारों ने दी परीक्षा
हिसार, 13 जून (हि.स.)। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयूएसटी) में बीएससी नर्सिंग के 100 सीटों के लिए शनिवार को प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 1534 उम्मीदवारों ने भाग लिया।
कुलपति प्रो. नरसीराम ने परीक्षा केंद्रों में जाकर परीक्षा संचालन का निरीक्षण
किया। परीक्षा संचालन के लिए पूरी तैयारियां की गई थी। आवेदकों में
विश्वविद्यालय में दाखिला लेने के लिए जबरदस्त उत्साह था। परीक्षा का संचालन पूरी तरह
पारदर्शी तथा निष्पक्ष से रूप से किया गया।
नर्सिंग विभाग की चेयरपर्सन प्रो. सुमित्रा सिंह ने बताया कि परीक्षार्थी तथा
उनके अभिभावकों ने विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं तथा आधारभूत ढांचे को भी देखा तथा विश्वविद्यालय
की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि नर्सिंग विभाग में कुल 1833 आवेदकों ने आवेदन किया
था। 299 आवेदक अनुपस्थित रहे। आवेदकों तथा अभिभावकों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय
परिसर में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए थे। यातायात तथा परीक्षा के दौरान अभिभावकों
के ठहरने की भी पूरी व्यवस्था की गई थी। परीक्षार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर
अपना परीक्षा परिणाम देख सकते हैं।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

