home page

हरियाणा के कर्मचारियाें काे तनाव मुक्त बनाएगा आर्ट ऑफ लीविंग

 | 

-सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा योग और ध्यान का प्रशिक्षण- तनाव प्रबंधन के लिए आर्ट ऑफ लिविंग से किया जाएगा प्रशिक्षित

चंडीगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने राज्य के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य के दौरान तनावमुक्त रखने तथा उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए एक नई पहल की है। इसके तहत राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को आर्ट ऑफ लिविंग के माध्यम से योग, ध्यान और तनाव प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

राज्य सरकार ने इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों और जिला अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने अधीन कार्यरत ग्रुप-ए, बी और सी श्रेणी के कर्मचारियों को इन प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों से तत्काल जोड़ें और उन्हें निर्धारित कोर्स पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करें।

इस कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए आर्ट ऑफ लिविंग के हरियाणा स्टेट डायरेक्टर सुमित छाबड़ा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। मुख्य सचिव कार्यालय के प्रशिक्षण विभाग की ओर से राज्य के सभी प्रशासनिक सचिवों को इस संबंध में औपचारिक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सरकार की योजना के तहत सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को केंद्र सरकार के आई-गॉट कर्मयोगी पोर्टल पर उपलब्ध नि:शुल्क प्रशिक्षण मॉड्यूल से जोड़ा जाएगा।

सरकार ने यह निर्णय आर्ट ऑफ लिविंग (गवर्नमेंट प्रोग्राम्स) के नेशनल डायरेक्टर रोहन जैन की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के बाद लिया है। संगठन ने केंद्र सरकार के आई-गॉट कर्मयोगी भारत प्लेटफॉर्म के साथ समझौता किया है। इसके तहत सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता, व्यवहारिक दक्षता तथा मानसिक संतुलन बेहतर बनाने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किए गए हैं। ये सभी पाठ्यक्रम ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिन्हें कर्मचारी अपनी सुविधानुसार पूरा कर सकते हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत पहला विशेष कोर्स 7 घंटे 24 मिनट का है। यह हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। इसमें रीढ़ की हड्डी और पीठ की देखभाल, पाचन स्वास्थ्य, मेटाबॉलिज्म, वजन प्रबंधन, सही शारीरिक मुद्रा (पोस्चर) और शारीरिक सहनशक्ति बढ़ाने से जुड़े योग एवं अभ्यास शामिल किए गए हैं। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने और लंबे समय तक काम करने के दौरान होने वाली परेशानियों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।

दूसरा कोर्स 5 घंटे 3 मिनट का है, जिसे मानसिक शांति और भावनात्मक संतुलन विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें श्री श्री रविशंकर के मार्गदर्शन में प्राणायाम और ध्यान की विभिन्न तकनीकों के माध्यम से सांस, मन और भावनाओं पर नियंत्रण रखने का अभ्यास कराया जाता है। इसके जरिए कर्मचारियों को कार्यस्थल पर तनाव से निपटने और मानसिक एकाग्रता बढ़ाने के तरीके सिखाए जाएंगे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में 6 घंटे 8 मिनट का 10-दिवसीय चैलेंज भी शामिल किया गया है। इसमें प्रतिदिन अलग-अलग प्राणायाम और ध्यान संबंधी अभ्यास निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा 9 घंटे 25 मिनट का 16-दिवसीय योग चैलेंज भी उपलब्ध कराया गया है। यह पाठ्यक्रम विभिन्न शारीरिक और मानसिक समस्याओं के समाधान तथा समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर केंद्रित है।

हरियाणा सरकार की इस पहल का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित न रखकर उनके शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और व्यवहारिक दक्षता को भी मजबूत करना है। सरकार को उम्मीद है कि योग, ध्यान और तनाव प्रबंधन के इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कर्मचारियों की कार्यक्षमता और कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा