home page

हरियाणा में बनेगी राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, उचाना में होगा एचडीआरएफ मुख्यालय

 | 

चंडीगढ़, 12 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने राज्य की पहली समर्पित हरियाणा डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एचडीआरएफ) गठित करने का निर्णय लिया है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की तर्ज पर कार्य करने वाली इस विशेष बल का मुख्यालय जींद जिले के उचाना में स्थापित किया जाएगा।सरकार के अनुसार, एचडीआरएफ आगजनी, भवन ढहने, औद्योगिक दुर्घटनाओं, रासायनिक रिसाव, बाढ़, भूकंप तथा अन्य बड़ी आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव अभियान संचालित करेगी।

बीते कुछ वर्षों में हरियाणा का शहरी नक्शा तेजी से बदला है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और पंचकूला जैसे शहरों में ऊंची आवासीय और व्यावसायिक इमारतों का तेजी से विस्तार हुआ है। दूसरी ओर पानीपत, बहादुरगढ़, फरीदाबाद और गुरुग्राम के औद्योगिक क्षेत्रों में रसायन आधारित इकाइयों की संख्या लगातार बढ़ी है। इससे आग, विस्फोट और रासायनिक दुर्घटनाओं जैसे जोखिम भी पहले की तुलना में अधिक गंभीर हो गए हैं। पुराने शहरों की संकरी बस्तियों और घनी आबादी वाले बाजारों में आग लगने की घटनाएं आज भी राहत एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई हैं।

लगभग 20 एकड़ भूमि पर बनने वाले परिसर से 1,149 जवानों की पूरी बटालियन संचालित होगी। राज्य के भौगोलिक मध्य में होने के कारण उचाना से अधिकांश जिलों तक कम समय में पहुंचना संभव होगा। इसी रणनीतिक स्थिति को देखते हुए इसे कमांड सेंटर के रूप में चुना गया है, ताकि किसी भी बड़े हादसे की सूचना मिलते ही विशेष टीमें तुरंत रवाना की जा सकें।

एचडीआरएफ को बहुआयामी आपदाओं से निपटने के लिए तैयार किया जाएगा। इसकी टीमें ऊंची इमारतों में फंसे लोगों को निकालने, भवन ढहने की स्थिति में खोज एवं बचाव अभियान चलाने, औद्योगिक दुर्घटनाओं और रासायनिक रिसाव से निपटने, सडक़ हादसों में विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित करने के साथ-साथ बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं में भी राहत कार्य संभालेंगी। इसके लिए आधुनिक रेस्क्यू उपकरण, विशेष वाहन और तकनीकी संसाधनों से लैस व्यवस्था विकसित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा