हरियाणा में खुलेंगे पांच नए साइबर पुलिस थाने
चंडीगढ़, 15 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में पांच नए साइबर पुलिस थाने खोलने को मंजूरी प्रदान कर दी है। गृह सचिव सुधीर राजपाल ने पांच नए साइबर थाने बनाने की अधिसूचना जारी कर दी है।
राज्य के झज्जर, बहादुरगढ़, गोहाना और सोनीपत पूर्व व पश्चिम में खोले गए इन साइबर थानों से ऑनलाइन ठगी, धोखाधड़ी और इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट-टिप्पणी के मामलों की जांच में तेजी आएगी।
इसके साथ ही वर्ष 2023 में पंचकूला में स्थापित राज्य साइबर अपराध समन्वय केंद्र (एस4सी) की क्षमताओं के विस्तार का काम भी शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने राज्य साइबर अपराध समन्वय केंद्र के लिए आवश्यक मानव संसाधन की स्वीकृति में तेजी लाने, प्रौद्योगिकी आधारित पुलिसिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित साइबर निगरानी तथा संस्थागत क्षमता को और सुदृढ़ करने के साथ ही विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाने तथा अभियोजन और पीडि़त सहायता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। इससे बदलते डिजिटल खतरों का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सकेगा।
साइबर धोखाधड़ी शिकायत प्रबंधन, बैंक समन्वय, म्यूल अकाउंट, जांच निगरानी, मोबाइल एवं यूआरएल ब्लाकिंग जैसी मौजूदा इकाइयों के अलावा हाल ही में एआई इंटीग्रेशन सेल, इंटरनेट मीडिया मानिटरिंग यूनिट, क्रिएटिव अवेयरनेस यूनिट तथा सीक्रेट सेल स्थापित किए गए हैं। जल्द ही प्रशिक्षण, नीति, अनुसंधान एवं विकास, डार्क वेब जांच तथा वर्चुअल डिजिटल एसेट से संबंधित विशेष प्रकोष्ठ स्थापित किया जाएगा।
प्रदेश में 29 साइबर थाने पहले से संचालित हैं और 675 पुलिस कर्मचारी साइबर अपराध की जांच में लगाए गए हैं। इसके अलावा 9100 पुलिस कर्मियों को साइबर जांच का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है, जिनकी साइबर अपराध पर अंकुश लगाने में अहम भूमिका होगी। दो पुलिस अधिकारियों को साइबर कमांडो के रूप में प्रशिक्षित किया गया है तथा अगले चरण में 12 अन्य अधिकारी साइबर कमांडो प्रशिक्षण के लिए चुने गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

