home page

हरियाणा में कांस्टेबल भर्ती के लिए 20 अप्रैल से होगा फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट

 | 

चंडीगढ़, 14 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने पुलिस विभाग में 5500 कांस्टेबलों की भर्ती के लिए फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (पीएमटी) की घोषणा कर दी है। यह प्रक्रिया 20 अप्रैल से पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शुरू हो रही है।

आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि 17 अप्रैल को वेबसाइट पर एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। 20 अप्रैल की सुबह पीएमटी की शुरूआत होगी। आयोग के अधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस भर्ती के लिए करीब 2.70 लाख युवाओं ने आवेदन किया है। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए आयोग ने चरणबद्ध शेड्यूल तैयार किया है।

पहले हफ्ते तक हर रोज लगभग एक हजार उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा और उसके बाद प्रतिदिन 3 हजार तक उम्मीदवार बुलाए जाएंगे। सुबह 6:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। भर्ती प्रक्रिया में 25 हाईटेक मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। इन मशीनों में लगे सेंसर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी उम्मीदवार एड़ी उठाकर या गलत तरीके से अपनी हाइट बढ़ाकर फायदा न ले सके। अगर कोई उम्मीदवार माप के दौरान हल्की सी भी चालाकी करता है, तो स्क्रीन पर तुरंत ‘जीरो’ दिखेगा और उसे वहीं बाहर कर दिया जाएगा। इस बार भर्ती प्रक्रिया में रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) तकनीक भी लागू की गई है। इससे हर उम्मीदवार की गतिविधि पर नजर रखी जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी को तुरंत पकड़ा जा सकेगा।

पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 170 सेमी और छाती 83 सेमी (4 सेमी फुलाव के साथ) निर्धारित की गई है। महिलाओं के लिए 158 सेमी लंबाई जरूरी है। पीएमटी के बाद फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (पीएसटी) होगा, जिसमें पुरुषों को 12 मिनट में 2.5 किमी दौड़ और महिलाओं को 6 मिनट में 1 किमी दौड़ पूरी करनी होगी। किसी भी तरह की फर्जी जानकारी, गलत दस्तावेज या नियमों के उल्लंघन पर उम्मीदवार को तुरंत बाहर कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा