home page

कांग्रेस का 'छात्रों की गूंज' अभियान का पहला चरण पूरा,

 | 

दूसरा चरण 30 से होगा शुरू

चंडीगढ़, 24 जुलाई (हि.स.)।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) जागरूकता अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के नेतृत्व में 19 से 23 जुलाई तक चले अभियान के दौरान पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल सहित पांच जिलों के 18 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों के साथ संवाद किया गया।

राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान शिक्षा व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही, एसआईआर अभियान के उद्देश्य, प्रक्रिया और महत्व से कार्यकर्ताओं को अवगत कराते हुए इसे बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में प्रभारी संजय दत्त ने पदाधिकारियों के साथ वन-टू-वन बैठक कर संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि अभियान का दूसरा चरण 30 जुलाई से 3 अगस्त तक फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और गुरुग्राम जिलों की 19 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रही है और आगे भी अन्याय तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया।

राव नरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेपर लीक मामलों में फास्ट ट्रैक सुनवाई संबंधी बयान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि केवल नए कानून बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि मौजूदा कानूनों का निष्पक्ष और प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों पर लाठीचार्ज के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और छात्रों से सार्वजनिक माफी की मांग दोहराई। साथ ही कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं की आवाज़ उठाते रहे हैं तथा कांग्रेस शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दों पर अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा