हरियाणा कांग्रेस प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष करेंगे सभी हलकाें का दाैरा
-अंबाला से होगी फील्ड में बैठकों की शुरूआत
चंडीगढ़, 18 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस के नेताओं की गुटबाजी के चलते निष्क्रिय हो चुके सामान्य कार्यकर्ताओं को पार्टी के हित में लामबंद करने के लिए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय सतीश चंद्र दत्त तथा प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह रविवार से प्रदेश का दौरा शुरू करेंगे। दोनों नेता अगले पांच दिन हरियाणा के 18 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर कार्यकर्ताओं व जिला स्तरीय नेताओं से फीडबैक लेंगे। पहले चरण में वरिष्ठ नेताओं से राय लेने के बाद अब उनका पूरा फोकस जिला कांग्रेस कमेटियों, विधानसभा स्तर के संगठन और जमीनी कार्यकर्ताओं पर रहेगा।प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है, ताकि संगठन की वास्तविक स्थिति, स्थानीय राजनीतिक समीकरण, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी तालमेल का विस्तृत आकलन किया जा सके।
संजय दत्त अपने दौरे की शुरुआत 19 जुलाई को पंचकूला से करेंगे। इसके बाद यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल में जिला कांग्रेस कमेटियों तथा विधानसभा स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें होंगी। 24 और 25 जुलाई को वह दिल्ली में रहकर दूसरे चरण के दौरे की रिपोर्ट कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को सौंपेंगे। पहले चरण की रिपोर्ट पहले ही राहुल गांधी को दे चुके हैं।
इस बार बैठकों का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा संगठन में गुटबाजी को कम करना, निष्क्रिय इकाइयों को सक्रिय बनाना और सदस्यता व मतदाता संपर्क अभियान को गति देना है। विशेष रूप से राज्य में चल रहे एसआईआर अभियान के दौरान नए मतदाताओं को कांग्रेस से जोडऩे की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि जिला और विधानसभा स्तर पर एक समान राजनीतिक संदेश और संगठनात्मक अनुशासन दिखाई दे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

