home page

हरियाणा में अब कॉलेजों में भी ‘सुपर-100’ मॉडल लागू

 | 
हरियाणा में अब कॉलेजों में भी ‘सुपर-100’ मॉडल लागू


नई शिक्षा नीति के लिए प्रदेश में चलेगा जागरूकता अभियान, उच्च शिक्षा परिषद ने वाधवानी फाउंडेशन के साथ किया एमओयू

चंडीगढ़, 28 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने उच्च शिक्षा को नई दिशा देने का ऐलान करते हुए कहा कि प्रदेश के सरकारी सकूलों में सफल रही बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 जैसी योजनाओं को अब कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक विस्तार दिया जाएगा।

इसका उद्देश्य युवाओं को स्टार्टअप संसकृति से जोडक़र उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार सृजन में उनकी भूमिका को बढ़ाना है। शिक्षा मंत्री ने पंचकूला स्थित हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद की 5वीं बैठक की बतौर मुख्यातिथि अध्यक्षता कर रहे थे।

इस दौरान हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद द्वारा वाधवानी फाउंडेशन के साथ महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए, जो उद्यमिता एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने परिषद के न्यूजलेटर के प्रथम संस्करण, विजन मिशन डॉक्युमेंट 2047 एवं वर्कशॉप की संक्षिप्त जानकारी पर आधारित पुस्तक का भी विधिवत विमोचन किया। उन्होंने कहा कि एनईपी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदेश स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। प्रत्येक जिले में निर्धारित कार्यक्रमों के तहत सुबह राजकीय माध्यमिक और दोपहर को राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में शिक्षकों को नीति के विभिन्न आयामों से अवगत कराया जाएगा। इस अभियान में विश्वविद्यालयों के कुलपतियों एवं शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

प्रो. केसी शर्मा अध्यक्ष हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद ने परिषद के सदस्यों को अवगत करवाया कि परिषद द्वारा विभिन्न यूनिवर्सिटी, नेशनल बोर्ड ऑफ अक्रेडटैशन, उच्चतर शिक्षा विभाग के साथ समन्वय करके अनेक कार्यशालाओं का आयोजन किया। हरियाणा राज्य एनईपी उत्कृष्टता पुरस्कार की शुरुआत की गई और बीस यूनिवर्सिटीज और कालेजों को पुरुस्कृत किया गया।

राज्य अनुसंधान योजना (एचएसआरएफ) की शुरुआत की गई ताकि शिक्षकों छात्रों के बीच उच्च गुणवत्ता, बहु विषयक और स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े अनुसंधान के लिए प्रेरणा जागृत हो। भारतीय ज्ञान परंपरा को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार पाठ्यक्रम में प्रभावी रूप से शामिल करने बारे कदम उठाए जा रहे हैं। तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण के सुदृढ़ीकरण के लिए एनआईटीटीटीआर चंडीगढ़ के विस्तार केंद्र की स्थापना के लिए समिति का गठन किया गया है। बैठक में परिषद के चेयरपर्सन प्रो. केसी शर्मा के अलावा वाइस चेयरपर्सन प्रो. एसके गक्खड़, स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रो. आरएस राठौड़ व विभिन्न यूनिवर्सिटी के कुलपति व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा