हरियाणा ने 5.89 लाख यूनिट ब्लड इक्कठा किया
लगातार तीसरे साल स्वैच्छिक रक्तदान में सबसे आगे
ब्लड सेंटर्स के लिए पहला आपदा प्रबंधन प्लान जारी
राज्य ने 2,000 कैंप के लक्ष्य के मुकाबले 8,189 कैंप लगाए
चंडीगढ़, 07 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा लगातार तीसरे साल स्वैच्छिक रक्तदान में राज्यों में पहले स्थान पर रहा। राज्य ने 3.30 लाख यूनिट और 2,000 कैंप के लक्ष्य के मुकाबले 8,189 कैंप लगाकर 5.89 लाख यूनिट ब्लड इक्कठा किया। हरियाणा राज्य ने 92 प्रतिशत स्वैच्छिक रक्तदान दर हासिल की।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि राज्य ने ब्लड सेंटर्स के लिए अपना पहला आपदा प्रबंधन प्लान भी तैयार किया है ताकि ब्लड की सुरक्षा और इमरजेंसी की तैयारी बनी रहे।
राज्य को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विस ने 2025 के दौरान प्रति दस लाख आबादी पर सबसे ज़्यादा रक्तदान दर्ज करने के लिए सम्मानित किया। हरियाणा राज्य ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल को यह अवॉर्ड 1 अक्टूबर को नई दिल्ली के लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के मौके पर ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विस, स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा आयोजित एक समारोह में मिला था।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय ब्लड सेंटर की टीमों, स्वैच्छिक दानदाताओं, युवा नेटवर्क, एनजीओ, रेड क्रॉस और ब्लड ट्रांसफ्यूजन सर्विस से जुड़े अन्य लोगों को दिया। हरियाणा ने 2,000 के लक्ष्य के मुकाबले 8,189 रक्तदान कैंप आयोजित किए, जो लक्ष्य से चार गुना से भी ज़्यादा है। इसने केंद्र के 3.30 लाख यूनिट के लक्ष्य के मुकाबले 5.89 लाख यूनिट इक्कठा किए, जो लक्ष्य से लगभग 78 प्रतिशत ज़्यादा है। राज्य के कुल ब्लड कलेक्शन में स्वैच्छिक रक्तदान का हिस्सा 92 प्रतिशत रहा।
उन्होंने बताया कि राज्य में 162 ब्लड सेंटर चल रहे हैं, जिनमें से 92 प्रतिशत में कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की सुविधा है। उन्होंने हेल्थ सर्विसेज़ के डायरेक्टर जनरल डॉ. मनीष बंसल, हरियाणा स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजऩ सर्विसेज़ की मेंबर सेक्रेटरी-कम-प्रोजेक्ट डायरेक्टर (एड्स) डॉ. मुक्ता कुमार और राज्य की ब्लड सेफ्टी टीमों को भी बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

