home page

निकाय चुनाव जीते मेयर व पार्षदों को मुखयमंत्री ने किया सम्मानित

 | 
निकाय चुनाव जीते मेयर व पार्षदों को मुखयमंत्री ने किया सम्मानित


निकाय चुनाव जीते मेयर व पार्षदों को मुखयमंत्री ने किया सम्मानित


प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी ने जनता का किया धन्यवाद

मुख्यमंत्री बोले अब ट्रिपल इंजन की रफ्तार से होंगे शहरों में काम

चंडीगढ़, 14 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश की जनता लगातार नॉन स्टॉप कमल का फूल खिलाने का काम कर रही है। भाजपा सरकार नागरिक देवो भव: की भावना के साथ हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में आयोजित नव निर्वाचित मेयर, चेयरमैन एवं पार्षदों के अभिनंदन और जनता के धन्यवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की जमकर सराहना की और कहा कि भीषण गर्मी में भी कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ चुनाव लडक़र जीत सुनिश्चित की।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि भाजपा की यह जीत कोई सामान्य जीत नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका चुनावों में जनता ने भाजपा को एकतरफा समर्थन देकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि वह विकास, पारदर्शिता और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में ट्रिपल इंजन सरकार बनाने का काम जनता ने किया है और अब विकास कार्य भी ट्रिपल स्पीड से होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा के बाद अब निकाय चुनावों में मिली जीत यह साबित करती है कि हरियाणा की जनता प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों पर भरोसा करती है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता बूथ स्तर तक मजबूती से खड़ा रहा और घर-घर जाकर जनता से संपर्क किया। जनता ने भी कांग्रेस के परिवारवाद, झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति को नकार दिया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष लगातार लोकतंत्र का अपमान कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने के बाद ईवीएम और वोट चोरी जैसे आरोप लगाकर भ्रम फैलाने का काम करती है, जबकि लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वाेपरि होता है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नव निर्वाचित मेयरों, पार्षदों और चेयरमैनों को संबोधित करते हुए कहा कि यह जनादेश कोई पुरस्कार नहीं है, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। असली परीक्षा अब शुरू हुई है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में ऐसा काम होना चाहिए कि जनता कहे कि उनके पार्षद और मेयर ने शानदार कार्य किए हैं। सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से 63 संकल्प पूरे किए जा चुके हैं और बाकी पर तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनावों में किए गए 21 संकल्पों को भी सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करेगी।

सम्मान समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद शुरू हुआ भाजपा की जीत का रथ लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि भाजपा ने निकाय चुनाव में जो 21 संकल्प लिए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि हरियाणा की जनता ने विचार, व्यवहार और विकास कार्यों के आधार पर भाजपा को जनादेश दिया है।

इस मौके पर मंत्री विपुल गोयल, मंत्री रणबीर गंगवा, मंत्री अरविंद शर्मा, मंत्री कृष्ण बेदी, राज्यसभा के सांसद कार्तिकेय शर्मा, सांसद रेखा शर्मा, राज्यमंत्री राजेश नागर समेत कई गणमान्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा