टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने को सिंगापुर की तर्ज पर बनेगा अलग कॉरपोरेशन : नायब सैनी
चंडीगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महत्वपूर्ण विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया को तेजी से सिरे चढ़ाने के लिए सिंगापुर की तर्ज पर अलग से कॉरपोरेशन बनाया जाए जो सभी विभागों के बड़े व महत्वपूर्ण टेंडरों की प्रक्रिया को बिना देरी पूरा करवाए। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और बजट का समुचित इस्तेमाल सुनिश्चित हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने यह बात बुधवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में अगले वित्त वर्ष के बजट की तैयारियों के मद्देनजर चालू वित्त वर्ष के विभागवार खर्च की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने सभी विभागों को अलॉट किए गए बजट के खर्च की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों को तेज गति से पूरा करवाया जाए ताकि अलॉट किए गए बजट का चालू वित्त वर्ष की समाप्ति से पहले समुचित उपयोग हो सके।
समीक्षा बैठक में कुछ विभागों के टेंडरों में देरी का मामला संज्ञान में आने पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों की प्रवृति के अनुरूप नया कॉरपोरेशन बनाने के साथ-साथ कंसल्टेंट कंपनियों को सूचीबद्ध करने तथा टाउनशिप कंसल्टेंट हायर करने के विकल्प अपनाए जाएं। इसके लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बड़े विभागों के अधिकारी समुचित योजना बनाकर इसे क्रियान्वित करें। उन्होंने कहा कि विभागों के लिए टेंडर डॉक्यूमेंट तैयार करने से लेकर टेंडर अलॉट करने तक की प्रक्रिया कॉरपोरेशन व विशेषज्ञ कंसल्टेंट्स के माध्यम से होगी तो टेंडर प्रक्रिया तेज गति से पूरी हो सकेेगी जिससे विकास कार्यों का आमजन को त्वरित लाभ मिल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

