home page

जो क्षेत्र बुनियादी सुविधाओं को तरसते थे वे विकास की मिसाल बने : नायब सिंह सैनी

 | 
जो क्षेत्र बुनियादी सुविधाओं को तरसते थे वे विकास की मिसाल बने : नायब सिंह सैनी


जो क्षेत्र बुनियादी सुविधाओं को तरसते थे वे विकास की मिसाल बने : नायब सिंह सैनी


-मुख्यमंत्री ने बादशाहपुर में 2,709 परिवारों को सौंपे घर के चाबियां-फर्रुखनगर-गुरुग्राम मार्ग को फोर-लेन करने सहित कई घोषणाएं

गुरुग्राम, 22 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जो क्षेत्र कभी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसते थे, आज वही विकास की नई मिसाल बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव इस बात का प्रमाण है कि सरकार ने केवल वादे नहीं किए, बल्कि उन्हें पूरी प्रतिबद्धता के साथ धरातल पर उतारकर दिखाया है। मुख्यमंत्री रविवार को बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव कांकरौला में आयोजित विकसित बादशाहपुर महारैली एवं मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के आवास आबंटन समारोह में बोल रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने की। हाउसिंग फॉर ऑल विभाग के समन्वय से यह आयोजन संपन्न हुआ।

इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 2,709 लाभार्थियों को उनके आवास की चाबियां सौंपी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री एवं बादशाहपुर के विधायक राव नरबीर सिंह द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र पर क्षेत्र के समग्र एवं सतत विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास के नए आयाम मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि फर्रुखनगर-गुरुग्राम मार्ग को लगभग 365 करोड़ रुपये की लागत से फोर-लेन किया जाएगा, जिसमें चंदू बाईपास का निर्माण भी शामिल है। इसी प्रकार गांव बुढ़ेड़ा में लगभग 65 लाख रुपये की लागत से एक आधुनिक सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि न्यू गुरुग्राम के सेक्टर-90 से 95 में भूमि उपलब्ध होने पर श्मशान घाट का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही गुरुग्राम, मानेसर और फर्रूखनगर में भूमि उपलब्धता के आधार पर फायर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड द्वारा 28.17 किलोमीटर लंबाई की 13 सडक़ों तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा 84.86 किलोमीटर लंबाई की 30 सडक़ों का रखरखाव किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 41.57 करोड़ रुपये की लागत से 21.3 किलोमीटर लंबाई की 11 सडक़ों की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। गांवों में खेतों तक जाने वाले रास्तों को भी पक्का किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को और गति देने के लिए अतिरिक्त पांच करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभा रहा है। बादशाहपुर हलके के विकास को गति देने के लिए बीते साढ़े 11 वर्षों में कुल 81 सीएम अनाउंसमेंट की गईं, जिनमें से 60 पूरी हो चुकी हैं और आठ पर कार्य प्रगति पर है। इस अवधि में बादशाहपुर क्षेत्र में 15,166 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं लागू की गईं। उन्होंने कहा कि नवरात्रों के पावन अवसर पर गुरुग्राम में 2,709 गरीब परिवारों को उनके सपनों का घर सौंपना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 23,154 नए मकानों का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश के 16 शहरों में 30 वर्ग गज के 15,251 प्लॉट पात्र परिवारों को आवंटित किए जाएंगे।

मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि कृषि प्रधान प्रदेश हरियाणा वर्ष 2047 तक औद्योगिक क्रांति का अग्रदूत बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र विशेषकर गुरुग्राम और मानेसर अहम भूमिका निभाएंगे। वर्ष 2024 के बाद से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा क्षेत्र में लगभग 236 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य शुरू किए गए हैं, जिनमें सडक़ों का सुदृढ़ीकरण, सीवरेज, जल निकासी तथा बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।

---

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर