नई जनगणना के आधार पर गांवों में नियुक्त होंगे सफाईकर्मी
-कोसली रेलवे अंडरपास को 5.20 करोड़ की स्वीकृति
चंडीगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों की नियुक्तियां 2011 की जनगणना के आधार पर की गई थीं। 2021 की जनगणना रिपोर्ट आने के बाद गांवों की नई आबादी के अनुसार सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
कृष्ण लाल पंवार विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान शून्य काल में फतेहाबाद के कांग्रेस विधायक बलवंत सिंह दौलतपुरिया द्वारा उठाये गए एक मुद्दे पर सदन में बोल रहे थे।
लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि कोसली रेलवे स्टेशन के बाजार क्षेत्र में जहां से रेलवे लाइन गुजरती है, वहां रेलवे अंडरपास का निर्माण प्रस्तावित है। रेलवे अंडरपास के निर्माण के लिए सरकार ने 5 करोड़ 20 लाख 15 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। कोसली के भाजपा विधायक अनिल यादव द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब रणबीर गंगवा ने यह जानकारी दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विधानसभा में जानकारी दी कि तीन मार्च को हरियाणा प्रदेश की 602 गोशालाओं को 68 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई। आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 35 लाख महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के तहत 1,357 करोड़ रुपये जारी किए गए। नौ मार्च को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के साथ साथ अलग अलग स्कीम के तहत 1,884 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

