home page

हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारी तेज, मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से की मुलाकात

 | 
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारी तेज, मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से की मुलाकात


चंडीगढ़, 03 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर सरकार की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस दौरान विधानसभा के मानसून सत्र के आयोजन को लेकर चर्चा हुई।

पड़ोसी राज्य पंजाब में विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू हो चुका है। पंजाब का विधानसभा सत्र दस अगस्त तक चलेगा। विधानसभा परिसर में प्रेस लांज, पार्किंग, एंट्री गेट आदि दोनों राज्यों की साझा होने के कारण दस अगस्त तक हरियाणा का सत्र नहीं होगा।

बीती 28 जुलाई को मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 22 एजेंडों को पारित किया गया था लेकिन विधानसभा के मानसून सत्र के आयोजन को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ था। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने जल्द निर्णय लिए जाने का संकेत दिया था। मंत्रिमंडल की बैठक में विधानसभा सत्र के आयोजन का कार्यक्रम तय करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी को अधिकृत किया गया था।

सूत्रों के अनुसार, 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को देखते हुए मंत्री और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में व्यस्त रहेंगे। ऐसे में सरकार 21 अगस्त (शुक्रवार) से मानसून सत्र बुला सकती है।

हालांकि, मुख्यमंत्री और राज्यपाल की मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा के मानसून सत्र के संबंध में चर्चा की है। सरकार द्वारा इसी सप्ताह सत्र के आयोजन का प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा जाएगा। राज्यपाल की स्वीकृति मिलने के बाद सत्र का आयोजन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा