युवाओं की भागीदारी से बदलेंगे राजनीति के मायने :अरविंद शर्मा
-कैबिनेट मंत्री ने पंजाब यूनिवर्सिटी में पीयू ओलंपिक खेलों का किया उद्घाटनचंडीगढ़, 04 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी ने बीते 11 सालों में राजनीति के मायने बदलते हुए एक करोड़ युवाओं को राजनीति में लाने का विचार दिया है, ताकि युवा देश को सशक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि एबीवीपी द्वारा पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ से स्क्रीन टाइम टू स्पोर्ट्स टाइम की मुहिम चंडीगढ ही नहीं, अपितु हरियाणा और पंजाब में युवाओं में बदलाव लाने का माध्यम बनेगी।बुधवार को पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ में एबीवीपी द्वारा आयोजित पीयू ओलंपिक्स खेलों का शुभारंभ करते हुए अरविंद शर्मा ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि भारत में खेलों को जो नई दिशा और पहचान मिली है, उसके पीछे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दूरदर्शी नेतृत्व है, क्योंकि उन्होंने खेलों को केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम माना है।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा नेे एबीवीपी के स्क्रीन टाइम टू स्पोर्ट्स टाइम मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि सशक्त युवा, सशक्त राष्ट्र की भावना के साथ एबीवीपी के दशकों के प्रयास, मेहनत, करोडों युवाओं के सपनों के प्रहरी के तौर जिम्मेदारी भरे प्रयास किसी से छुपे नहीं है। एबीवीपी महज संगठन नहीं है। एबीवीपी युवा आंदोलन है। एक सप्ताह तक चलने वाले पीयू ओलंपिक्स महज खेलों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह युवा भारत के चरित्र, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का उत्सव है।
पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि खेल मैदान वह स्थान है, जहां शरीर मजबूत होता है, मन संतुलित रहता है और व्यक्तित्व निखरता है। स्क्रीन हमें दुनिया दिखाती है, लेकिन खेल मैदान हमें खुद को पहचानने का अवसर देता है। आज के समय की मांग यह है कि हमारे युवा मोबाइल की स्क्रीन से नजर हटाकर खेल के मैदान की मिट्टी को महसूस करें। वर्ष 2014 से अब तक भाजपा सरकार ने 16 हजार 418 खिलाड़ियों को 683 करोड़ रूपए नकद पुरस्कार के तौर पर दिए जा चुके हैं। वहीं 231 खिलाड़ियों को उनकी शिक्षा के अनुरूप सरकारी नौकरी दी गई है। इस अवसर पर एबीवीपी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री देवदत्त जोशी, छात्र कल्याण डीन डॉ. अमित चौहान, एबीवीपी राष्ट्रीय मंत्री आदित्य तकियार, एबीवीपी पंजाब प्रदेशाध्यक्ष डॉ प्रशांत गौतम, क्षेत्रीय संगठन मंत्री गौरव अत्री, प्रदेश मंत्री जसकरण भुल्लर, प्रदेश संगठन मंत्री शमशेर सिंह चौहान, पंजाब विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष गौरववीर सोहल, खेलो भारत संयोजक अर्पिता मलिक आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

