हिसार : अखिल भारतीय विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड की प्रतियोगिता में एचपीएसजी के खिलाड़ियों ने जीते पदक
हिसार, 19 मार्च (हि.स.)। राजस्थान के कोटा में
आयोजित 47वीं अखिल भारतीय विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड की प्रतियोगिता की पावर लिफ्टिंग
व बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप (एचपीएसजी) की टीम ने
भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया। हरियाणा पॉवर स्पोर्टस ग्रुप की टीम के खिलाड़ियों ने
कोच राजेश के मार्गदर्शन में शानदार प्रदर्शन किया।
हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप (एचपीएसजी) के
महासचिव एवं बिजली निगम के लेखाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने गुरुवार को बताया कि एचपीएसजी
के खिलाड़ी विजय सिंह व नवीन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉडी बिल्डिंग में
पहला और पावर लिफ्टिंग में तीसरा व दूसरा स्थान हासिल किया। इसी के साथ टीम ने बॉडीबिल्डिंग
मे ओवरऑल दूसरी पोजीशन भी हासिल की जिसमें हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप की तरफ से
अजमेर सिंह, विक्रम, गौरव, विजय सिंह, नवीन कुमार, कृष्ण, अनिल, अमित व अरविंद ने अच्छा
प्रदर्शन किया। सभी खिलाड़ियों का हिसार पहुंचने पर स्वागत किया गया। अधिकारियों ने बताया कि खिलाड़ियों को समय-समय पर करवाई जा रही तैयारियों की बदौलत ये सफलता मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

