हिसार : युवकों से डरकर नीचे कूद गया होटल संचालक, हालत गंभीर
पांच युवकों पर संचालक से मारपीट का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
हिसार, 02 नवंबर (हि.स.)। शहर के निरंकारी रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब
डबल फाटक के पास स्थित एक होटल में शराब के नशे में धुत्त पांच युवकों ने संचालक सचिन
के साथ जमकर मारपीट की। पुलिस के अनुसार, सरदार शहर निवासी नवीन, विक्रम, मनीष, इमरान
और जींद निवासी अमन गाड़ी खरीदने के सिलसिले में शहर आए थे और होटल के कमरे में बैठकर
शराब पी रहे थे। पूरी रात इन युवकों का बाहर-अंदर आना-जाना लगा रहा, जिसके चलते संचालक
को बार-बार दरवाजा खोलना पड़ रहा था।
सोमवार अल सुबह करीब साढ़े चार बजे जब युवक बाहर से खाना लेकर आए, तो बार-बार
के इस खलल को लेकर संचालक और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना
बढ़ गया कि नशे में धुत युवकों ने सचिन पर हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए बदहवास
सचिन होटल की तीसरी मंजिल की ओर भागा, लेकिन हमलावर युवक भी उसके पीछे लपके। कोई रास्ता
न देख सचिन ने छत से करीब 15 फीट नीचे साथ वाले मकान की छत पर छलांग लगा दी। इस खौफनाक
कदम के कारण उसके एक पैर की हड्डियां कई जगह से टूट गईं और शरीर पर भी गंभीर चोटें
आईं।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मकान मालिक ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लहूलुहान हालत में घायल संचालक को अस्पताल
पहुंचाया। वारदात की यह पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है,
वहीं छानबीन के दौरान पुलिस को छत से बीयर की खाली बोतलें भी बरामद हुई हैं। अर्बन
एस्टेट थाना प्रभारी विकास ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों या पीड़ित
की ओर से शिकायत मिलते ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

