यमुनानगर:नियमों की अनदेखी पर दो होटल संचालकों पर केस दर्ज
यमुनानगर, 01 मई (हि.स.)। यमुनानगर में होटल एवं गेस्ट हाउस संचालन में नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। हालिया कार्रवाई के तहत पुलिस ने एक दिन में अलग-अलग मामलों में दो होटल संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है, जिससे इस व्यवसाय से जुड़े लोगों में सतर्कता बढ़ गई है।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से जिलेभर में होटल, लॉज और गेस्ट हाउस की नियमित जांच की जा रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संचालक अपने यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा विवरण संधारित करें और उसे निर्धारित ऑनलाइन प्रणाली पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह पाया गया है कि कुछ स्थानों पर बिना पहचान पत्र के ही कमरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो कानून का उल्लंघन है और इससे असामाजिक तत्वों को पनाह मिलने की आशंका रहती है। ऐसे मामलों में संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। विशेष अभियान के तहत पिछले तीन दिनों से विभिन्न इलाकों में पुलिस टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं।
इस दौरान रजिस्टर, सीसीटीवी व्यवस्था और ग्राहकों के पहचान दस्तावेजों की जांच की गई। जहां कमियां पाई गईं, वहां संचालकों को नोटिस जारी कर सुधार के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने होटल संचालकों से नियमों का पालन करने और पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

