home page

जींद : नागरिक अस्पताल में दो गर्भवती महिलाओं की मौत

 | 
जींद : नागरिक अस्पताल में दो गर्भवती महिलाओं की मौत


जींद, 08 मई (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल में शुक्रवार सुबह प्रसव के लिए लाई गई दो महिलाओं मौत हो गई। इनमें एक बख्शी नगर निवासी 35 वर्षीय असीमा व दूसरी श्याम नगर निवासी 30 वर्षीय पूजा थी। दोनों ही आठ-आठ महीने की गर्भवती थी। दोनों को सुबह ही अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। दोनों को हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत थी।

पुलिस ने बयान दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। सुबह दस बजे अचानक पता चला कि नागरिक अस्पताल में दो गर्भवती महिलाओं की मौत हो गई है। अचानक दो गर्भवती महिलाओं की मौत से हड़कंप मच गया। प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. रघुबीर पूनिया ने चिकित्सकों की बैठक लेकर महिलाओं की मौत के कारणों के बारे में पता किया। महिला रोग विशेषज्ञ डा. राशि ने बताया कि दोनों महिलाओं को बचाने की कोशिश की गई लेकिन वह सफल नहीं हो पाए।

बख्शी नगर निवासी नितेश ने बताया कि उसने अपनी पत्नी असीमा को सुबह चार बजे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया था। उसे पहले एक 11 साल की लड़की है। उसे हाई ब्लड प्रेशर की समस्या थी। असीमा आठ महीने की गर्भवती थी। उसे सांस लेने में भी दिक्कत थी। सुबह छह बजे उसकी मौत हो गई। असीमा का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। वहीं श्याम नगर निवासी 30 वर्षीय पूजा को ब्लड प्रेशर के साथ-साथ दौरे पड़ रहे थे। रात को एक बजे से उसे दिक्कत थी। सुबह परिजन उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे।

पूजा के पति बंटी ने बताया कि उसके कोई बच्चा नहीं है। सुबह आठ बजे उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया। साढ़े आठ बजे चिकित्सकों ने उसकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया। नागरिक अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ डा. राशि ने बताया कि जब दोनों महिलाओं को अस्पताल में दाखिल करवाया गया तो उस समय अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ डा. वंदना व डा. पूजा मौजूद थी। दोनों ने मरीजों को बचाने की काफी कोशिश की। दोनों का ब्लड प्रेशर अधिक था। दोनों ही महिलाओं का ब्लड प्रेशर कंट्रोल नहीं हो पाया। सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी मुकेश ने बताया कि दो महिलाओं की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुसिल ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा