नूंह: एस आई आर पर बेनकाब हुई भाजपा:हुड्डा
नूंह, 02 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार को तावडू के रामलीला मैदान में आयोजित खंड स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज देश के दो महापुरुषों की जयंती है। उन्होंने एसआईआर को लेकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कथित तौर पर पर्दाफाश हो चुका है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर जो सवाल उठाए गए हैं, उनका जवाब चुनाव आयोग की ओर से नहीं दिया जा रहा, बल्कि भाजपा के नेता उनका जवाब दे रहे हैं। हुड्डा ने आरोप लगाया कि अब लोगों के सामने वोट चोरी का मुद्दा स्पष्ट हो गया है।
हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि भविष्य में चुनाव ईवीएम की बजाय वैलिड पेपर के माध्यम से कराए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी स्तर पर निर्णय लिया गया है।
तावडू की अनदेखी का लगाया आरोप
कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व परिवहन मंत्री आफताब अहमद ने मंच से भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक पर तावडू क्षेत्र की कथित अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विकास के मामले में तावडू पिछड़ गया है। सोहना-तावडू सड़क की खराब स्थिति और लगातार लगने वाले जाम के कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आफताब अहमद ने कहा कि तावडू नूंह जिले का हिस्सा होने के बावजूद सोहना विधानसभा क्षेत्र में आता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण क्षेत्र के साथ कथित तौर पर सौतेला व्यवहार किया गया और विकास कार्य प्रभावित हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

