पलवल: पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह: डीसी व एसपी ने पुलिस कर्मियों संग बांटे रंगों के रंग
पलवल, 04 मार्च (हि.स.)। जिले के बहरोला गांव स्थित पुलिस लाइन में बुधवार को होली मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त हरिश कुमार वशिष्ठ और जिला पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने भाग लिया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
होली मिलन समारोह के दौरान पूरे पुलिस लाइन परिसर में रंगों और खुशियों का माहौल देखने को मिला। पुलिस अधिकारी और जवान पारंपरिक होली गीतों और संगीत की धुन पर झूमते नजर आए। सभी ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ इस पर्व को मनाया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई दी और मिठाइयां बांटकर खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर उपायुक्त हरिश कुमार वशिष्ठ ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। यह त्योहार हमें समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पूरे वर्ष कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं और ऐसे कार्यक्रम आपसी संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने भी सभी पुलिस कर्मियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि त्योहारों के अवसर पर आपसी मेलजोल और सकारात्मक माहौल समाज के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार हमेशा एकजुट होकर काम करता है और इस तरह के आयोजन आपसी सहयोग और विश्वास को और मजबूत बनाते हैं। सभी ने मिलकर होली के पर्व की खुशियां साझा कीं और सुरक्षित व शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने का संदेश दिया। इस दौरान पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

