home page

पलवल में धूमधाम से मनाया गया होली का पर्व, बाजारों में रही उत्साह की लहर

 | 
पलवल में धूमधाम से मनाया गया होली का पर्व, बाजारों में रही उत्साह की लहर


पलवल में धूमधाम से मनाया गया होली का पर्व, बाजारों में रही उत्साह की लहर


पलवल, 04 मार्च (हि.स.)। जिले में रंगों का महापर्व होली बुधवार को बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हर ओर रंगों की बौछार और खुशियों का माहौल देखने को मिला। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। जगह-जगह लोगों ने ढोल-नगाड़ों और होली के गीतों पर जमकर नृत्य किया, जिससे पूरे जिले में उत्सव का वातावरण बना रहा।

होली के अवसर पर शहर के बाजारों और मोहल्लों में लोगों की काफी चहल-पहल देखने को मिली। लोग अपने परिवार और मित्रों के साथ मिलकर होली का आनंद लेते नजर आए। कई स्थानों पर सामूहिक रूप से होली मिलन समारोह भी आयोजित किए गए, जहां लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

इस दौरान होडल से विधायक हरेंद्र राम रतन और वरिष्ठ भाजपा नेता जगमोहन गोयल ने भी बाजार में पहुंचकर व्यापारियों और आम लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दुकानदारों से मुलाकात कर सभी को रंगों के इस पावन पर्व की बधाई दी और कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देने वाला पर्व है। इस त्योहार से समाज में एकता और सौहार्द की भावना मजबूत होती है।

विधायक हरेंद्र राम रतन ने कहा कि होली का त्योहार हमें सभी भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशी बांटने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने की अपील की। वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता जगमोहन गोयल ने भी लोगों को होली की बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के त्योहार समाज में आपसी मेलजोल और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।

होली के दिन जिले भर में बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रंग और गुलाल से सराबोर लोग एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए। कुल मिलाकर पलवल जिले में होली का पर्व हर्षोल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग