home page

बास्केटबॉल पोल हादसे के बाद एचओए ने खेल सुविधाओं की सुरक्षा जांच की मांग की

 | 

चंडीगढ़, 21 जुलाई (हि.स.)। गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में अभ्यास के दौरान बास्केटबॉल पोल गिरने से एक युवा खिलाड़ी के गंभीर रूप से घायल होने के बाद हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन (एचओए) ने प्रदेशभर की खेल सुविधाओं की सुरक्षा पर चिंता जताई है।

एसोसिएशन ने गुरुग्राम उपायुक्त और हरियाणा के रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटी को पत्र लिखकर सरकारी खेल परिसरों तथा ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में लगे खेल उपकरणों की तत्काल सुरक्षा जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

इस हादसे में युवा खिलाड़ी की रीढ़ की हड्डी में कई फ्रैक्चर हुए, जबकि अन्य खिलाड़ी बाल-बाल बच गए।

एसोसिएशन ने अपने पत्र में कहा है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले रोहतक और बहादुरगढ़ में भी खराब एवं असुरक्षित बास्केटबॉल पोल गिरने से खिलाड़ियों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं यह स्पष्ट करती हैं कि पूरे प्रदेश में खेल अधोसंरचना की नियमित तकनीकी जांच, सुरक्षा मूल्यांकन एवं समय-समय पर रखरखाव अत्यंत आवश्यक है।

एसोसिएशन ने गुरुग्राम उपायुक्त से अनुरोध किया है कि जिले के सभी सार्वजनिक खेल परिसरों में स्थापित खेल उपकरणों का नियमित निरीक्षण कराया जाए तथा जंग लगे, क्षतिग्रस्त अथवा असुरक्षित उपकरणों को तत्काल बदला या मरम्मत कराया जाए।

साथ ही रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज हरियाणा से आग्रह किया गया है कि प्रदेश की सभी ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में स्थापित विभिन्न खेल मैदानों एवं खेल अधोसंरचना का जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यव्यापी भौतिक सत्यापन एवं सुरक्षा निरीक्षण कराया जाए तथा प्रत्येक जिले की निरीक्षण रिपोर्ट हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन को भी उपलब्ध कराई जाए।

हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कैप्टन जसविंदर मीनू बेनीवाल ने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी खेल सुविधा का उपयोग तभी किया जाना चाहिए, जब उसकी संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि समय पर सुरक्षा जांच और रखरखाव से भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सकता है।

हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने सभी सरकारी विभागों, ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों तथा खेल सुविधाओं के संचालकों से अपील की है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खेल अधोसंरचना की नियमित जांच एवं रखरखाव सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा