सोनीपत: ट्रक व हाइवा की टक्कर में जिंदा जला चालक
सोनीपत, 15 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत
में बुधवार दोपहर बाद एनएच-334-बी पर गांव रोहणा के पास डस्ट से भरे हाइवा और
रोडी से भरे ट्रक की टक्कर में हाइवा चालक की जिंदा जलने से मौत हो गई। टक्कर के कुछ
ही सेकेंड बाद हाइवा में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे केबिन को अपनी चपेट
में ले लिया। चालक बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सका और केबिन में ही फंस गया।
प्रारंभिक
जांच में सामने आया है कि आगे चल रहे रोड़ी से भरे ट्रक को पीछे से डस्ट से भरे हाइवा
ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि हाइवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हो गया। इसके तुरंत बाद वाहन में आग भड़क उठी। आसपास मौजूद लोगों ने चालक को बचाने
का प्रयास किया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण कोई भी केबिन तक नहीं पहुंच सका।
हादसे
में हाइवा चालक गांव आसन निवासी मंगल सेन (37) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते
ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद
आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने केबिन से चालक का शव निकालकर कब्जे में लिया और
पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना के कारण एनएच-334-बी
पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात
सामान्य कराया।
पुलिस
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर
पर पीछे से टक्कर लगने की बात सामने आई है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी
होने के बाद ही चल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

