home page

शिमला की ऐतिहासिक गैटी आर्ट गैलरी में सजी हिसार की कला

 | 
शिमला की ऐतिहासिक गैटी आर्ट गैलरी में सजी हिसार की कला


हिसार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित

गैटी थिएटर आर्ट गैलरी, शिमला में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी ‘फ्रेमिंग

ड्रीम्स’ में हिसार के कलाकारों ने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी का

आयोजन कलाकार मयंक व्यास, निदेशक रैडआर्ट फाउंडेशन द्वारा किया गया।

प्रदर्शनी में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए

13 कलाकारों की लगभग 75 से 80 कलाकृतियां प्रदर्शित की गईं। इनमें हिसार की द कलाकर

आर्ट टीम के कलाकारों की कैनवास पेंटिंग, स्केचिंग तथा विभिन्न माध्यमों में तैयार

कलाकृतियां शामिल रहीं। कलाकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से आध्यात्मिकता, देवी-देवताओं,

प्रकृति, भारतीय संस्कृति एवं मानवीय भावनाओं को अलग-अलग कलात्मक शैलियों में प्रस्तुत

किया।

द कलाकर आर्ट टीम की ओर से ललित विस्सारवाल, विवेक

रंगा, अशोक, साहिल, अजय, सिमरन, संजना, चेतन, मनीषा, महक एवं प्रीति ने प्रदर्शनी में

भाग लिया। टीम की कई कलाकृतियां आध्यात्मिक एवं पौराणिक विषयों पर आधारित रहीं, जिन्हें

प्रदर्शनी देखने पहुंचे कला प्रेमियों और पर्यटकों ने सराहा। प्रदर्शनी में देश के

विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से आए पर्यटकों और कला प्रेमियों ने भी शिरकत की।

विदेशी पर्यटकों ने भी भारतीय कला एवं कलाकारों की प्रस्तुतियों में रुचि दिखाई और

कलाकृतियों की सराहना की।

कलाकार ललित विस्सारवाल ने बताया कि शिमला जैसे

अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल पर कला प्रदर्शित करना कलाकारों के लिए विशेष अनुभव रहा।

उन्होंने कहा कि गैटी थिएटर देश की ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र

है और इसकी आर्ट गैलरी में अपनी कलाकृतियां प्रदर्शित करना किसी भी कलाकार के लिए गौरव

की बात है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर