हांसी: युवक को बेरहमी से कुएं में लटकाकर पीटने पर पुलिस ने दर्ज किया केस
-पीड़ित बोला- टॉयलेट के लिए रुका था, चोर कहकर
बांधा और डंडों से पीटा
हांसी, 05 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सोरखी गांव में चोरी के शक में एक युवक को हाथ-पैर बांधकर कुएं में उल्टा लटकाकर पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और युवक को ढूंढ निकाला।
पीड़ित की पहचान सोरखी निवासी बारूराम के रूप
में हुई है।
बारूराम
ने बताया कि वह स्टील की ग्रिल और गेट बनाने का काम करता है। एक जून को वह अपने परिचित के साथ भाटोल गांव जा रहा था। रास्ते में टॉयलेट
के लिए रुकने पर कुछ युवकों ने उसे चोर-चोर कहकर पकड़ लिया। बारूराम ने आरोप लगाया
कि युवकों ने मोटर चोरी का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट की। उसके हाथ-पैर बांधकर कुएं
में उल्टा लटका दिया और डंडों से पीटा। बाद में उसे डायल-112 के हवाले कर दिया गया।
पूछताछ के बाद शाम को उसे छोड़ दिया गया था।
सोरखी चौकी इंचार्ज इंस्पेक्टर पवित्र कुमार ने
शुक्रवार काे बताया कि चार जून को वीडियो वायरल होने के बाद मामला संज्ञान में आया। पुलिस को पहले
कोई शिकायत नहीं मिली थी। वायरल वीडियो के आधार पर स्वतः संज्ञान लिया गया है। पुलिस
ने युवक का नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया है। इंस्पेक्टर पवित्र कुमार ने कहा कि
वीडियो जांच का अहम आधार है। इसमें मारपीट और अमानवीय व्यवहार दिख रहा है। किसी को
कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। मेडिकल रिपोर्ट और पीड़ित के बयान के आधार पर
केस दर्ज कर वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान कर रही है।
दूसरी तरफ सोरखी गांव के ग्रामीणों का कहना है
कि क्षेत्र में पानी की मोटरें लगातार चोरी हो रही हैं। एक सप्ताह में 10 से ज्यादा
मोटरें चोरी हुई हैं। ग्रामीणों के मुताबिक युवक को पानी की मोटर चुराते हुए रंगे हाथ
पकड़ा था। उनका आरोप है कि युवक चोरी की मोटरें कबाड़ी को बेच देता था, जिस पर गुस्साए
युवकों ने उसके साथ मारपीट की थी।
उधर, गांव के सरपंच रामचंद्र का कहना है कि युवक
अनुसूचित जाति से संबंध रखता है और वह चोरी व नशा करता है। ग्रामीणों ने इसे मौके पर
पकड़ लिया था लेकिन उसके साथ मारपीट करना ग़लत है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

