home page

हिसार को राजधानी व हाईकोर्ट बनाने की मांग

 | 
हिसार को राजधानी व हाईकोर्ट बनाने की मांग


विधानसभा में शून्यकाल में विधायकों ने उठाए मुद्दे

कालका-मोरनी को नगर पालिका बनाने की मांग तक उठी

चंडीगढ़, 01 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में मंगलवार को शून्यकाल के दौरान विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों के कई मुद्दे उठाए। विधायकों ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप और कई मामलों में नीतिगत बदलाव की मांग की। इस दौरान तीखे राजनीतिक तंज भी सुनने को मिले और स्थानीय समस्याओं के ठोस समाधान के सुझाव भी सामने आए।

कांग्रेस विधायक रामकरण काला ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से पूरा शहर परेशान है। उन्होंने कर्मचारियों की सुनवाई करने और उन्हें पक्का करने की मांग की। शकुंतला खटक ने भी सफाई कर्मियों को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में 80 प्रतिशत स्कूलों के शौचालय खराब हैं और मायना, निगाना समेत कई स्कूलों की इमारतें जर्जर हैं। पूजा चौधरी ने कहा कि प्रदेशभर में सफाई कर्मियों का शोषण हो रहा है। एक भी कर्मचारी को पक्का नहीं किया गया और मानदेय भी नहीं बढ़ाया गया। उन्होंने बिजली कर्मचारियों और ग्रामीण चौकीदारों के आंदोलन का भी जिक्र किया। 100-100 गज के प्लॉट देने के वादे का मुद्दा उठाते हुए पूछा कि जब प्लॉट ही नहीं मिलेंगे तो गरीबों के सिर पर छत कैसे आएगी।

कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने कर्मचारियों से जुड़े कई मुद्दे एक साथ उठाए। उन्होंने बिजली निगम के कर्मचारियों के लिए रिस्क अलाउंस, 9,500 करोड़ रुपये की सात परियोजनाओं में समाप्त किए गए पदों को बहाल करने, गेस्ट टीचरों को नियमित करने और नर्सिंग कैडर की महिला कर्मचारियों को दूरदराज के क्षेत्रों में स्थानांतरित न करने की मांग की। एचकेआरएन कर्मचारियों के समान वेतन और ओपीएस लागू करने की मांग भी रखी। उन्होंने पुलिस जवानों को पंजाब के बराबर वेतन देने तथा दमकल विभाग में 1,900 खाली पद भरने और 186 गाडिय़ों की कमी दूर करने की मांग की। शकुंतला खटक ने सरकार पर तंज कसते हुए समस्याओं की लंबी सूची गिनाई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पास ‘पावर का टोटा’ है।

मामन खान ने अपने क्षेत्र के 20 गांवों में जलभराव का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी किसान बिजाई से वंचित रहे और इस बार भी पानी नहीं निकल पाया। उन्होंने प्रभावित किसानों की विशेष गिरदावरी कराकर मुआवजा देने की मांग की। बूचडख़ानों से निकलने वाली गंदगी और बदबू का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि गंदा पानी जंगल में भरा जा रहा है और अवशेष पंचायत की जमीन में दबाए जा रहे हैं।

सुनील सांगवान ने बौंद और दादरी डिस्ट्रीब्यूटरी में पानी के बंटवारे की समस्या बताई। उनके मुताबिक आठ दिन पानी मिलता है, लेकिन कई माइनर होने के कारण कुछ जगह किसानों को एक-दो दिन ही पानी मिल पाता है। उन्होंने व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने उकलाना के चार गांवों को उनकी इच्छा के अनुसार हिसार और हांसी में शामिल करने की मांग की। उन्होंने एसवाईएल के मुद्दे पर हरियाणा के हिस्से का पानी लेने के लिए पंजाब सरकार से बात करने की बात कही। साथ ही हरियाणा की राजधानी और हाईकोर्ट हिसार में बनाने की मांग रखी।

शहरों की बदहाली : बस स्टैंड, जलभराव और आवारा पशु

भाजपा विधायक मुकेश शर्मा ने गुरुग्राम के जर्जर बस स्टैंड की जगह 14-15 एकड़ जमीन पर आधुनिक बस स्टैंड बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम कॉरपोरेट हब है, इसलिए बस स्टैंड के ऊपर मॉल जैसी सुविधा भी विकसित की जा सकती है। शहर की करीब 100 कच्ची कॉलोनियों में सुविधाएं देने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि जलभराव की स्थिति में सुधार हुआ है और पहले 76 स्थानों के मुकाबले अब सिर्फ पांच जगह समस्या रह गई है। विनोद भयाना ने शहरों में बेसहारा पशुओं के कारण हो रहे हादसों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि खाली प्लॉटों में पशु छोड़ दिए जाते हैं और बाद में झुंड बन जाते हैं। उन्होंने गोसेवा आयोग के बावजूद ऐसी घटनाएं जारी रहने पर सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की। राजेश जून ने बहादुरगढ़ के लाइनपार और छोटूराम नगर फाटकों पर आरयूबी बनाने, आठ गांवों को नगर परिषद में शामिल कर नगर निगम बनाने, जल निकासी सुधारने तथा नया गांव और बामडौली के जर्जर स्कूलों को नए सिरे से बनाने की मांग की।

बिजली से लेकर प्रदूषण और सडक़ तक सवाल

बिमला चौधरी ने फसल जलने वाले किसान को मुआवजा देने, जाटौली की सडक़ पर लग रही सब्जी मंडी को अंदर शिफ्ट करने, बारिश से खराब सडक़ों की मरम्मत और हेलीमंडी-जाटौली सडक़ बनाने की मांग की। देवेंद्र कादियान ने 10 साल पुराने डीजल वाहनों को केवल उम्र के आधार पर हटाने की नीति पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अगर वाहन फिटनेस टेस्ट में सही है तो उसकी उम्र के बजाय फिटनेस को आधार बनाया जाए। शक्ति रानी शर्मा ने कालका-परवाणु सडक़ को फोरलेन करने का काम जल्द शुरू कराने और मोरनी व रायपुररानी ब्लॉक को नगर पालिका बनाने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा