home page

पलवल : एसवीएसयू में उत्साह पूर्वक मनाया गया हिंदी दिवस

 | 
पलवल : एसवीएसयू में उत्साह पूर्वक मनाया गया हिंदी दिवस


पलवल, 14 सितंबर (हि.स.)। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में सोमवार को हिंदी दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों और गैर शिक्षक कर्मियों ने हिंदी कविताएं प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। इन काव्य प्रस्तुतियों में कहीं देश भक्ति की झलक दिखाई दी तो कहीं हिंदी प्रेम का भाव छलका। साथ ही वीर रस और श्रृंगार रस पर भी कविताएं प्रस्तुत की गई।

सभी ने हिंदी को अपने आचार-व्यवहार में सम्मिलित करने का संकल्प भी लिया।

राजभाषा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित हिंदी काव्य पाठ प्रतियोगिता में कई रंग एक साथ दिखाई दिए। सभी प्रतिभागियों ने राजभाषा के सम्मान में पंक्तियां सुनाई और मातृभाषा को हमेशा आगे रखने का संकल्प भी लिया। 30 प्रतिभागियों ने अपनी कविताएं प्रस्तुत की। अनुप्रयुक्त विज्ञान एवं मानविकी कौशल संकाय की डीन प्रोफेसर सुचित्रा वशिष्ठ एवं स्किल फैकल्टी ऑफ़ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट के डीन प्रोफेसर राम विरंजन ने निर्णायक की भूमिका निभाई। डीन प्रोफेसर सुचित्रा वशिष्ठ ने स्वरचित कविता सुना कर विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

ओएसडी संजीव तायल ने हाड़ा रानी के प्रेरक त्याग, सहायक कुलसचिव प्रवीण कुमार ने ओम की महिमा का वर्णन किया। डॉ. हिमानी वार्ष्णेय ने माँ की मशक्कत और डॉ. संतोष यादव ने मेडिकल अवधारणाओं पर कविता प्रस्तुत की। डॉ. राजकुमार तेवतिया ने देशभक्ति पर आधारित कविता पढ़ी। छात्रा स्वाति नर्वत ने माँ की ममता, शोधार्थी पूजा तंवर ने मन पर कविता सुनाई। राजभाषा अधिकारी डॉ. राजेश चौहान ने बताया कि राजभाषा प्रकोष्ठ द्वारा हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत इससे पूर्व हिंदी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, दृश्य लेखन और पोस्टर तथा नारा लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन करवाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में हिंदी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां करवाई जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग