नूंह जिले की मंडियों में 37,737 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद
नूंह, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिले की अनाज मंडियों में बाजरे की सरकारी खरीद जारी है। 25 अक्टूबर तक जिले की पांच अनाज मंडियों में कुल 37,737 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद दर्ज की गई है। तावड़ू मंडी खरीद के मामले में सबसे आगे है, जबकि पुन्हाना और फिरोजपुर झिरका मंडियों में भी बड़ी मात्रा में बाजरे की खरीद हुई है। उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया सुचारू बनाए रखने और किसानों को मंडियों में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि किसानों को गेट पास बनवाने, फसल की खरीद, माप-तोल और भुगतान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को मंडियों में बिजली, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिले की मंडियों में 25 अक्टूबर तक हुई बाजरे की खरीद के आंकड़ों के अनुसार तावड़ू मंडी में 14,967.90 मीट्रिक टन बाजरा खरीदा गया। पुन्हाना मंडी में 11,110.10 मीट्रिक टन, फिरोजपुर झिरका मंडी में 9,655.40 मीट्रिक टन, नूंह मंडी में 1,710.80 मीट्रिक टन और पिनगवां मंडी में 292.80 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद दर्ज की गई है। वहीं, 25 अक्टूबर को जिले की मंडियों में कुल 9.50 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद हुई। इसमें तावड़ू मंडी में चार मीट्रिक टन और फिरोजपुर झिरका मंडी में 5.50 मीट्रिक टन बाजरा खरीदा गया।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में खरीदे गए बाजरे का समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। इसके साथ ही फसल की नमी की जांच और खरीद प्रक्रिया पर नियमित निगरानी रखी जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

