पानीपत: हाई वोल्टेज तारों से ट्रक में लगी आग, लाखों रुपए का कपड़ा जलकर राख
पानीपत, 03 जून (हि.स.)। नूरवाला स्थित गैस गोदाम के पास बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां विदेशों से आयात किए गए वेस्ट कपड़ों से लदा एक ओवरलोड ट्रक जैसे ही गैस गोदाम वाली गली में मुड़ा तो ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन तारों को छू गया। तारों से छूते ही ट्रक में लदे कपड़ों में भयंकर आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में ट्रक का टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। फायर ब्रिगेड की 10 से ज्यादा गाड़ियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, ट्रक में लदा वेस्ट कपड़ा विदेश से विशेष रूप से आयात कर पानीपत लाया जाता। इसी दौरान इस माल को पानीपत के नूरवाला कुटानी रोड स्थित एक गोदाम में पहुंचाया जा रहा था। जैसे ही ट्रक गैस गोदाम वाली गली में पहुंचा, तो ट्रक की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण वह गली के ऊपर से जा रही 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन तारों से छू गया जिस कारण तारों में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण वेस्ट कपड़े ने तुरंत आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा ट्रक धू-धू कर जलने लगा। इसी बीच आग की चपेट में आने से ट्रक का टायर भी जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर लोगों की कुछ समझ नहीं आया, ओर वे घबराकर इधर-उधर भागने लगे। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड कर्मचारीयों ने आग की विकरालता को देखते हुए पानी की सामान्य गाड़ियों के साथ-साथ फॉम टेंडर की गाड़ियों को भी मौके पर बुला लिया। फायर विभाग की करीब 10 गाड़ियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आगजनी में करीब 15 लाख रुपए का कीमत का विदेशी माल जल कर राख हो गया और ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

