हिसार :उच्च स्तरीय कमेटी ने विश्वविद्यालय में खाद्य पदार्थों की दुकानों का किया औचक निरीक्षण
कुलसचिव ने दुकान संचालकों को दिए उचित निर्देश
हिसार, 29 अप्रैल (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को पौष्टिक, स्वच्छ व सुरक्षित
खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। खाद्य पदार्थों के निर्धारित मापदंडों
की जांच के लिए विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. विजय कुमार के नेतृत्व में उच्च स्तरीय
कमेटी ने विश्वविद्यालय के केफेटेरिया तथा शिक्षण खंड-8 स्थित चाय की दुकानों का औचक
निरीक्षण किया। कमेटी में कुलपति के तकनीकी सलाहकार (एचआरएम) प्रो. संदीप राणा, चीफ
वार्डन गर्ल्स प्रो. सुजाता सांघी, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. मुकेश कुमार शर्मा,
सामान्य शाखा के उप कुलसचिव शिवदयाल रंगा व अधीक्षक सतपाल सिंह शामिल रहे।
कुलसचिव डा. विजय कुमार ने बुधवार काे कहा कि विश्वविद्यालय
की स्वास्थ्य व स्वच्छता संबंधित मापदंडों को लेकर उच्च स्तरीय पहचान है। इसे बनाए
रखना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए दुकान संचालकों
को उचित दिशा निर्देश दिए गए। संचालकों से कहा गया कि वे दुकानों के आसपास सफाई का
विशेष ध्यान रखें तथा कुर्सियां व्यवस्थित तरीके से रखी होनी चाहिएं। केवल वही खाद्य
पदार्थ दुकानों पर रखें, जिन खाद्य पदार्थों की दुकान में रखने की अनुमति हो। दुकानों
पर प्रत्येक समान की रेट लिस्ट अवश्य लगी होनी चाहिए ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार
की असुविधा न हो। कमेटी द्वारा खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट भी चेक की गई। किसी
भी दुकान पर एक्सपायरी डेट का खाद्य पदार्थ नहीं पाया गया। कुलसचिव ने इस दौरान विद्यार्थियों
से भी बातचीत कर उनकी राय जानी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

