home page

यमुनानगर में 55 लाख की हेरोइन बरामद, 255 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
यमुनानगर में 55 लाख की हेरोइन बरामद, 255 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार


यमुनानगर, 03 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर पुलिस के एंटी नारकोटिक सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजय कॉलोनी से 255 ग्राम स्मैक बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से रिमांड पर लिया गया है।

डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी अनिल कुमार को सूचना मिली थी कि विजय कॉलोनी में एक युवक नशीला पदार्थ बेचने के लिए घूम रहा है। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए विजय कॉलोनी से संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी की प्रक्रिया ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराई गई। पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से 255 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

आरोपी की पहचान यमुनानगर निवासी बिरजू के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया। अदालत से रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी हेरोइन की खेप कहां से लेकर आया था और इसे किसे बेचने की तैयारी में था। पुलिस के अनुसार, रिमांड के दौरान नशे की सप्लाई के स्रोत और संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार