यमुनानगर में हेरोइन के साथ बाइक सवार गिरफ्तार,डिलीवरी लेने वाला भी पकड़ा
यमुनानगर, 08 सितंबर (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने कलानौर बॉर्डर से जिले में प्रवेश कर रहे एक बाइक सवार युवक के कब्जे से 40 ग्राम स्मैक बरामद की। दूसरी कार्रवाई करीब दो महीने पहले एक किलो 20 ग्राम हेरोइन की बरामदगी के मामले में की गई, जिसमें पुलिस ने कथित रूप से खेप की डिलीवरी लेने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक सेल के प्रभारी अनिल कुमार के अनुसार, टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से नशीला पदार्थ लेकर कलानौर सीमा की ओर से जिले में आएगा।
सूचना पर एएसआई अमित, जयपाल और जसवीर सिंह की टीम ने नाकाबंदी की। संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली गई। छछरौली के तहसीलदार आनंद रावल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में तलाशी के दौरान 40 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान काबूलपुर निवासी बलविंदर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने बाइक भी कब्जे में ले ली है, उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया। पुलिस पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी।
दूसरे मामले में पुलिस के अनुसार, करीब दो माह पहले बरेली निवासी मोहम्मद सलीम को एक किलो 20 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने इसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई थी। पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि खेप हमीदा निवासी मंसूर को दी जानी थी। इसके आधार पर पुलिस ने मंसूर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मंसूर के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी समेत विभिन्न मामलों में केस दर्ज हैं और कुछ मामले अदालत में विचाराधीन हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

