स्थायी अध्यक्ष की नियुक्ति तक मुकेश गर्ग संभालेंगे एचईआरसी अध्यक्ष का कार्यभार
चंडीगढ़, 27 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के अध्यक्ष नंदलाल शर्मा के आकस्मिक निधन के बाद आयोग के वरिष्ठतम सदस्य मुकेश गर्ग नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक अध्यक्ष के दायित्वों का निर्वहन करेंगे। आयोग ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए हरियाणा विद्युत सुधार अधिनियम, 1997 की धारा 3(4) के तहत यह व्यवस्था लागू की है।
आयोग के आदेश के अनुसार, 23 जुलाई को नंद लाल शर्मा के निधन से अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया। इसके बाद आयोग की बैठक में विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 92(2) के प्रावधानों के तहत अध्यक्ष की अनुपस्थिति में बैठक की अध्यक्षता के लिए उपस्थित सदस्यों मुकेश गर्ग एवं शिव कुमार ने सर्वसम्मति से मुकेश गर्ग का चयन किया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि नियमित अध्यक्ष के कार्यभार ग्रहण करने तक मुकेश गर्ग आयोग के अध्यक्ष के सभी दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
मुकेश गर्ग ने 2 फरवरी 2024 को हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के सदस्य(विधि पृष्ठभूमि) के रूप में पदभार ग्रहण किया था, जबकि शिव कुमार ने 28 अगस्त 2025 को आयोग के सदस्य के रूप में कार्यभार संभाला था। वरिष्ठतम सदस्य होने के कारण मुकेश गर्ग को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

