home page

हरियाणा में जल्द होगी 450 डॉक्टरों की भर्ती : आरती सिंह राव

 | 

चंडीगढ़, 24 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि जल्द ही प्रदेश में नए 450 डॉक्टरों की भर्ती की जाएगी , भविष्य में प्रदेश में डॉक्टरों की कमी नहीं रहने दी जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री मंगलवार को विधानसभा के बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा डॉक्टरों की कमी से संबंधित उठाए गए मुद्दे पर जवाब दे रही थी।

आरती सिंह राव ने कहा कि वर्तमान सरकार ने मात्र एक वर्ष में 1400 से ज्यादा डॉक्टरों की भर्ती की है जबकि वर्ष 2014 से पहले शायद एक साल में इतने ज्यादा डॉक्टर कभी भी नहीं लगाए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एनएचएम के माध्यम से 150 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भर्ती की गई है और पीजी डिग्री करके आये नए 150 डॉक्टरों की भर्ती भी जल्द ही की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी समय में भी डॉक्टर एवं स्पेशलिस्ट की भर्ती की जाती रहेगी।

असंध के विधायक योगेंद्र राणा के सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि गांव मुनक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। आरती सिंह राव ने बताया कि हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री ने 24 जून 2019 को मुनक स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र को पीएचसी में अपग्रेड करने की घोषणा की थी और तदनुसार इसे 20 दिसंबर 2019 को अपग्रेड किया गया।

इसके बाद, पीएचसी भवन के निर्माण के लिए स्वास्थ्य विभाग को 2 एकड़ भूमि पट्टे पर दी गई और भवन के निर्माण के लिए 3.60 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई। लोक निर्माण विभाग द्वारा 25 जनवरी 2021 को 03.09 करोड़ रुपये का कार्य संविदा एजेंसी को आवंटित भी कर दिया था। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा अधिक भुगतान किए जाने पर जांच की तो एजेंसी ने 20 प्रतिशत कार्य करने के बाद वर्ष 2022 में काम रोक दिया था और उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर दी। एजेंसी द्वारा इस भवन की केवल चारदीवारी का निर्माण किया गया है। इस कार्य पर कुल व्यय 67.12 लाख रुपये हुआ है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा एजेंसी का वर्तमान अनुबंध 20 जून 2024 को समाप्त कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग को भवन निर्माण के लिए अनुमानित बजट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा