home page

जींद : करंट लगने से युवक की मौत पर लाइनमैन समेत दो पर मामला दर्ज

 | 
जींद : करंट लगने से युवक की मौत पर लाइनमैन समेत दो पर मामला दर्ज


जींद, 18 जून (हि.स.)। गढ़ी थाना पुलिस ने गांव धमतान साहिब में करंट लगने से हुई युवक की मौत के मामले में बिजली निगम के लाइनमैन समेत दो लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव धमतान साहिब निवासी ज्ञानीराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बिजली विभाग के लाइनमैन नरेश चौपड़ा ने उसके बेटे मनजीत तथा गांव कही निवासी सुनील को काम पर रखा हुआ था।

आरोपित उसके बेटे को कभी नगद तथा कभी गूगल पे से भुगतान करता था। गत 20 मई को लाइनमैन नरेश ने उसके बेटे मनजीत तथा सुनील के पास फोन कर खराब बिजली को ठीक करने के बारे में कहा। दोनों ट्रांसफार्मर पर पहुंचे तो सुनील ने कहा कि पीछे से बिजली बंद करवा दी है। ऊपर चढ़ कर ठीक कर लो। जब मनजीत काम कर रहा था तो सुनील वहां से चला गया।

कुछ देर के बाद बिजली आ गई और मनजीत बुरी तरह झुलस गया। जिसे उपचार के लिए हिसार के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान 22 मई को उसके बेटे मनजीत की मौत हो गई। ज्ञानी राम ने आरोप लगाया कि लाइनमैन नरेश तथा सुनील की लापरवाही के कारण उसके बेटे की मौत हुई है। गढ़ी थाना के जांच अधिकारी संजय ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने ज्ञानीराम की शिकायत पर लाइनमैन नरेश चाेपड़ा तथा सुनील के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा