home page

जींद : बेटे को केस से छुड़ाने के नाम पर एक लाख रुपये की ठगी करने का आरोपित गिरफ्तार

 | 
जींद : बेटे को केस से छुड़ाने के नाम पर एक लाख रुपये की ठगी करने का आरोपित गिरफ्तार


जींद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने बेटे को क्राइम ब्रांच द्वारा पकड़े जाने तथा उसे केस से छुड़ाने के नाम पर एक लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से पांच हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

शुक्रवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जगदीप सिंह ने बताया कि गांव रूपगढ़ निवासी सुरेंद्र ने बताया कि उसके मोबाइल फोन पर एक व्हाट्सअप कॉल आई और कॉल करने वाले व्यक्ति ने उसे बताया कि उसके बेटे के किसी दोस्त ने उसके बेटे का मोबाइल फोन इस्तेमाल किया है और क्राइम ब्रांच ने उसके बेटे को भी पकड़ लिया है। आरोपित ने उसके बेटे को केस से छुड़ाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की। आरोपितों ने उसको दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर 50-50 हजार रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। घबराहट में आकर बताए गए दोनों नंबरों पर फोन पे के माध्यम से कुल एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद जब उसने अपने बेटे से बात करवाने के लिए कहा तो उन्होंने एक व्यक्ति से उसकी बात करवाई। आवाज सुन कर उसको संदेह हुआ कि वह उसके बेटे की आवाज नही है। इसके बाद उसने अपने बेटे के वास्तविक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो पता चला कि उसका बेटा ड्यूटी पर है। सुरेंद्र की शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गांव भीखाहेड़ी खुर्द, अलवर (राजस्थान) निवासी राहुल उर्फ समीर तथा ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया था। जिनकी पूछताछ में आरोपित मेहरो की ढाणी पातरखेड़ा महुखेड़ा, जिला दौसा (राजस्थान) निवासी हरकेश का नाम सामने आया। पुलिस ने नियमानुसार हरकेश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा