home page

एचसीएस अधिकारी 30 जून तक दर्ज कर सकेंगे एपीआर

 | 

-40 वर्ष से ऊपर के अधिकारियों के लिए स्वास्थ्य जांच जरूरी

चंडीगढ़, 08 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने हरियाणा सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) के अधिकारियों की वर्ष 2025-26 की वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट (पीएआर) दर्ज करने की समय-सीमा एक महीने के लिए बढ़ा दी है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा शुक्रवार को जारी एक पत्र के अनुसार, अब एचसीएस अधिकारियों को 31 मई की बजाय 30 जून, 2026 तक अपना स्व-मूल्यांकन प्रस्तुत करना होगा। रिपोर्टिंग प्राधिकारी को 31 अगस्त तक मूल्यांकन पूरा करना होगा। रिव्यूइंग प्राधिकारी को 31अक्टूबर तक समीक्षा करनी होगी, जबकि स्वीकार करने वाले प्राधिकारी द्वारा 31 दिसंबर, 2026 तक रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जाएगा।

गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने सभी विभागों को एचसीएस (कार्यकारी शाखा) अधिकारियों की वर्ष 2025-26 की वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट राज्य के इंट्रानेट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। एचसीएस अधिकारियों की एपीआर वेबसाइट पर ऑनलाइन दर्ज की जाएगी और इसे 31 दिसंबर, 2026 तक अंतिम रूप देना अनिवार्य होगा। 40 वर्ष से अधिक आयु के एचसीएस अधिकारियों के लिए स्वास्थ्य जांच अनिवार्य की गई है और स्व-मूल्यांकन के साथ मेडिकल रिपोर्ट का सारांश भी अपलोड करना होगा। ऑनलाइन प्रणाली में यह व्यवस्था भी की गई है कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित प्राधिकारी द्वारा कार्रवाई नहीं की जाती है तो रिपोर्ट स्वत: अगले स्तर पर अग्रेषित हो जाएगी, ताकि मूल्यांकन प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा