सोनीपत: हरियाणवी खिलाड़ी एशियाई खेलों में पदकों की झड़ी लगाएंगे: गजेंद्र फौगाट
- एशियाई खेलों के लिए सुनील मलिक
बने भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान
सोनीपत, 01 सितंबर (हि.स.)। जापान
में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारतीय कबड्डी टीम का कप्तान नियुक्त किए जाने पर
हरियाणा के खिलाड़ी सुनील मलिक को बधाई देने मुख्यमंत्री के ओएसडी एवं कलाकार गजेंद्र
फौगाट मंगलवार को उनके पैतृक गांव में पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और उनकी माता गुड्डी
देवी को शॉल ओढ़ाकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि हरियाणवी खिलाड़ी एशियाई खेलों
में पदकों की झड़ी लगाएंगे।
गजेंद्र
फौगाट ने कहा कि हरियाणा सरकार ने खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं।
विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और खेल विभाग में सीधी नौकरी देना खिलाड़ियों के
लिए प्रोत्साहन का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मिट्टी ने देश को कई
बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का
नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने
कहा कि उन्हें विश्वास है कि जापान में होने वाले एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी
शानदार प्रदर्शन करेंगे और देश के लिए पदक जीतेंगे। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर
रहकर खेलों की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे से दूरी और खेलों से जुड़ाव
का संदेश हर युवा तक पहुंचाना जरूरी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार और प्रशासन
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उनके बीच पहुंचकर सम्मान कर रहे हैं। खिलाड़ी केवल
पदक नहीं जीतते, बल्कि युवाओं को मेहनत, अनुशासन और देशभक्ति की प्रेरणा भी देते हैं।
इस दौरान उन्होंने मलिक खाप के महासचिव अशोक मलिक से वीडियो बातचीत के जरिए सुनील को
बधाई दिलवाई।
गजेंद्र
फौगाट ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार के दौरान भी वह खिलाड़ियों
के घर जाकर उनकी उपलब्धियों पर उन्हें बधाई देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों
का सम्मान करना युवाओं को खेलों से जोड़ने का लगातार प्रयास है। इस मौके
पर सुनील की माता गुड्डी देवी, भाई बिजेंद्र और सुमित, गुरु भूपेंद्र मलिक, सरपंच संदीप
मलिक, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्रशिक्षक सुशील शास्त्री, संजय मलिक और दिनेश शर्मा किलोई
सहित कई लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

