home page

हरियाणा में पुलिस भर्तियों के लिए तीन लाख युवाओं का होगा पीएसटी

 | 

चंडीगढ़, 28 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) सात मार्च से हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (पीएमटी) शुरू करेगा। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने इस संबंध में खेलकूद विभाग को पत्र लिखकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है। पत्र के अनुसार, हरियाणा पुलिस में 5500 कांस्टेबलों के लिए भर्ती प्रक्रिया कर्मचारी चयन आयोग द्वारा चलाई जा रही है। इसके लिए करीब तीन लाख युवाओं ने आवेदन किया है। आवेदन करने वाले युवा इन दिनों फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (पीएमटी) और फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (पीएसटी) की तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि स्पोर्ट्स कोटा के अभ्यर्थियों का पीएमटी व पीएसटी एक साथ आयोजित किया जाएगा।अब आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने खेल विभाग के निदेश को एक पत्र लिखकर पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में बास्केटबॉल तथा वॉलीबॉल हॉल को आरक्षित करने के लिए कहा है। इन हॉल में ही पुलिस कांस्टेबल अभ्यर्थियों के लिए पीएमटी व पीएसटी का आयोजन किया जाएगा। पत्र में साफ किया गया कि एचएसएससी द्वारा सात मार्च से अभ्यर्थियों के पीएमटी आयोजित किए जाएंगे। जिसके चलते एक मार्च से लेकर 31 मार्च तक बास्केटबॉल तथा वॉलीबॉल हॉल को आरक्षित किया जाए।

आयोग ने इसके लिए खेलकूद विभाग से संयोजक नियुक्त करने की भी मांग की है। खेलकूद विभाग की तरफ से अपनी स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।हिम्मत सिंह ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर पाेस्ट कर बताया कि पीएमटी को लेकर एक पत्र वायरल हो रहा है। जिसके बाद प्रदेश भर से अभ्यर्थियों के फोन आ रहे हैं। हिम्मत सिंह ने स्पष्ट किया कि यह पत्र पूरी तरह से सही है। आयोग बहुत जल्द पीएमटी शुरू करने जा रहा है। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पीएमटी तथा पीएसटी को लेकर आयोग की अधिकारिक वेबसाइट पर विस्तृत सूचना दी जाएगी। इसके बाद अपने अपने क्रम अनुसार युवा पंचकूला आकर पीएमटी में शामिल हो सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा