home page

प्रदेश के लाखों किसानों व महिलाओं के खाते में 858 करोड़ डाले

 | 
प्रदेश के लाखों किसानों व महिलाओं के खाते में 858 करोड़ डाले


फसल प्रबंधन, भावांतर भरपाई व सिलेंडर सब्सिडी की किश्त जारी

चंडीगढ़, 17 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शनिवार को प्रदेश के लाखों किसानों तथा महिलाओं को सरकारी योजनाओं का सीध लाभ देते हुए उनके खातों में 858 करोड़ रुपये जारी किए। मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ से बटन दबाकर राशि लाभार्थियों के खाते में डाली। सरकार ने आज पांच कृषि-संबंधी योजनाओं के तहत अनुदान और प्रोत्साहन के रूप में कुल 659 करोड़ रुपये जारी किए।

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा पराली प्रबंधन के लिए लागू की गई फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत पांच लाख 54 हजार 405 किसानों के खाते में 461 करोड़ 75 लाख की राशि जारी की गई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नए बायामॉस प्लांट लगाए जाने का ऐलान करते हुए कहा कि फसल अवशेष प्रबंधन मशीनरी के लिए नौ हजार 885 फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों के लिए 85.10 करोड़ जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से सरकार द्वारा किसानों को धान की सीधी बिजाई के लिए प्रेरित किया गया है। जिसके चलते आज 31 हजार 605 किसानों को धान की सीधी बिजाई करने पर 75 करोड़ 54 लाख रुपये सब्सिडी दी गई है। इसके अलावा मेरा पानी मेरी विरासत के माध्यम से किसानों को वैकल्पिक फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। आज पानी की ज्यादा खप्त वाली फसलों को छोडऩे वाले 13 हजार 500 किसानों के खाते में 15 करोड़ 73 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि डाली गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा आलू-गोभी जैसी सब्जियों की बंपर पैदावार पर किसानों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए भावांतर भरपाई योजना चलाई गई है। ऐसे चार हजार 73 किसानों के खाते में आज 20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं के लिए हर घर-हर गृहणी योजना के तहत एक लाख 80 हजार सालाना आय वाले परिवार को सब्सिडी वाला सिलेंडर देने का ऐलान किया गया था। घोषणा के अनुसार सिलेंडर के पांच सौ रुपये संबंधित महिला को देने हैं और अन्य राशि सरकार द्वारा वहन की जानी है। शनिवार को ऐसी छह लाख 8 हजार 842 महिलाओं के खाते में 18 करोड़ 56 लाख रुपये की सब्सिडी जारी की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह धनराशि अक्टूबर 2025 की है। नवंबर तथा दिसंबर माह की राशि बहुत जल्दी जारी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा