home page

पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को मुफ्त किताबें

 | 

चंडीगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा प्रत्येक वर्ष समग्र शिक्षा के अंतर्गत सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जाती हैं। इसी क्रम में शिक्षा मंत्रालय द्वारा परियोजना अनुमोदन बोर्ड की बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए मुफ्त पाठ्य पुस्तकें मद के अंतर्गत कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए कुल 45.05 करोड़ रुपये की राशि मंजूर कर दी गई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए परिषद के एक प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा की अध्यक्षता में उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति की बैठक में चयनित फर्मों को पाठ्य पुस्तकों के मुद्रण एवं आपूर्ति का कार्य आवंटित किया गया। उक्त निर्णय के अनुपालन में विभाग द्वारा 8 जनवरी को संबंधित फर्मों को कार्यादेश जारी किए गए, जिनके अनुसार 15 अप्रैल तक पाठ्य पुस्तकों की आपूर्ति का कार्य पूर्ण किया जाना निर्धारित है।

उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री के मार्गदर्शन एवं निगरानी में संबंधित फर्मों द्वारा अम्बाला, हिसार, कुरुक्षेत्र, पानीपत, पलवल, भिवानी एवं चरखी दादरी जिलों में कक्षा एक से 8 तक की पाठ्य पुस्तकों की आपूर्ति जिला स्तर पर की जा चुकी है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी विद्यालयों तक पाठ्य पुस्तकों की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा