home page

हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी चंडीगढ़ में बनाएगी अपना कार्यालय

 | 
हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी चंडीगढ़ में बनाएगी अपना कार्यालय


रेडक्रॉस वाइस चेयरमैन ने राज्यपाल को लिखा पत्र, मांगी जमीनचंडीगढ़, 22 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा रेडक्रास सोसायटी ने चंडीगढ़ में अपना अलग कार्यालय बनाने की कवायद शुरू कर दी है। सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने राज्यपाल प्रो.असीम कुमार घोष से मुलाकात के बाद उन्हें इस संबंध में पत्र लिख दिया है। चंडीगढ़ में हाई कोर्ट, सिविल सचिवालय तथा रेडक्रॉस भवन जैसी कई इमारतें हैं जो आज भी पंजाब के साथ साझा तौर पर एक ही परिसर में चल रही हैं। अधिकारियों के आवंटन की तर्ज पर इन इमारतों को भी 60 व 40 प्रतिशत के अनुपात में बांटा गया है। रेडक्रास इमारत भी पंजाब के साथ एक ही परिसर में चल रही है। यहां स्टाफ के बैठने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। इसके साथ ही स्टोर, जिलों को भेजे जाने वाली राहत सामग्री व अन्य सामान को रखने की भी जगह नहीं है। लिहाजा, इन तमाम परेशानियों को देखते हुए वाइस चेयरमैन की ओर से राज्यपाल को नए भवन के लिए जगह मुहैया करवाने को लेकर पत्र लिखा गया है।

वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी की ओर से पत्र में उल्लेख किया गया है कि हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी मानवीय सहायता में अग्रणी संस्था है, ऐसे में सोसायटी के विस्तार और बेहतर संचालन के लिए रेडक्रॉस भवन की आवश्यकता है। उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि रेडक्रॉस भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि आवंटित की जाए, ताकि भविष्य की योजनाओं और सेवाओं को एक केंद्रीकृत ढांचे में संचालित किया जा सके।

राज्यपाल को लिखे पत्र में वाइस चेयरमैन ने यह भी उल्लेख किया है कि रेडक्रॉस का अपना भवन बनने से प्रशासनिक कार्यों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रक्तदान शिविरों, आपदा प्रबंधन समन्वय और सामाजिक कल्याण योजनाओं को एक ही परिसर में व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सकेगा। इससे कार्यकुशलता में वृद्धि होगी। हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी का कहना है कि रेडक्रॉस का अपना भवन होने से वाईआरसी, जेआरसी और गतिविधियों का संचालन आसानी से किया जा सकेगा। प्रस्तावित रेडक्रॉस भवन में ब्लड बैंक भी स्थापित किया जा सकेगा, क्योंकि चंडीगढ़ में पीजीआई और ट्राईसिटी में बड़े अस्पताल होने के चलते ब्लड की मांग दिन प्रतिदिन बढ़ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा