home page

हरियाणा के सात निकायों में दस मई काे हाेगा मतदान : देवेंद्र कल्याण

 | 
हरियाणा के सात निकायों में दस मई काे हाेगा मतदान : देवेंद्र कल्याण


राज्य चुनाव आयुक्त ने जारी किया कार्यक्रम

चंडीगढ़, 13 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण ने सोमवार को प्रदेश के सात नगर निकायों में चुनाव का ऐलान कर दिया है। इन निकायों में आगामी दस मई को मतदान होगा। निकायों के अलावा पंचायती राज संस्थाओं के 528 रिक्त पदों पर भी चुनाव का ऐलान किया गया है।

सोमवार को पंचकूला स्थित मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कल्याण ने बताया कि सोनीपत-पंचकूला, अंबाला नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद, उकलाना, धारूहेड़ा व सांपला नगर पालिका में 10 मई को मतदान होगा। 13 मई को परिणाम घोषित होगा। आज चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही मतदान वाले क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऐसा पहली बार होगा जब नोटा को अधिक वोट मिलने की सूरत में चुनाव रद्द नहीं होगा।

हरियाणा के अंबाला, पंचकूला व सोनीपत नगर निगम,रेवाड़ी नगर परिषद नगर पालिका: सांपला (रोहतक), उकलाना (हिसार) व धारूहेड़ा (रेवाड़ी) में यह चुनाव होगा। यह वोटिंग ईवीएम से होगी लेकिन इसमें वीवीपैट का इस्तेमाल नहीं होगा। उन्होंने बताया कि केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार इस बार बड़ा बदलाव यह किया गया है कि चुनाव ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों को अब केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा तय दरों के बराबर मानदेय मिलेगा।

पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के बारे में चुनाव आयुक्त ने बताया कि पानीपत और करनाल जिला परिषद के एक-एक वार्ड, 12 ब्लॉक समिति सदस्यों, 29 सरपंच, 485 पंच पदों के लिए वोटिंग भी 10 मई को होगी। उसी दिन वोटों की गिनती करके नतीजे घोषित हो जाएंगे। जिन कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव में लगी है, उनके तबादलों पर रोक लगा दी गई है। इसके लिए प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिखा गया है।

चुनाव का कार्यक्रम

चुनाव अधिसूचना 15 अप्रैल

नामांकन प्रक्रिया 21 से 25 अप्रैल

नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल

नाम वापसी 28 अप्रैल

मतदान 10 मई सुबह 8 बजे से छह बजे तक

पुर्नमतदान 12 मई

चुनाव परिणाम 13 मई

----

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा